कल्कि कोचलिन को याद आए 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' के दिन, पोस्ट शेयर कर लिखा इमोशनल नोट
मुंबई, 15 जुलाई (आईएएनएस)। निर्देशक जोया अख्तर की फिल्म 'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' ने बुधवार को अपनी रिलीज के 15 साल पूरे कर लिए। वर्ष 2011 में रिलीज हुई इस फिल्म ने दर्शकों को हर पल को खुलकर जीने, अपने डर पर काबू पाने और रिश्तों की अहमियत समझने का संदेश दिया था।
इस मौके पर अभिनेत्री कल्कि कोचलिन ने इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़ी पुरानी यादें ताजा कीं।
कल्कि ने फिल्म की स्टारकास्ट के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "'जिंदगी न मिलेगी दोबारा'- सूरज की रोशनी, जवानी, हर सांस और खूबसूरत यादों के लिए धन्यवाद। दुआ है कि ये यादें आने वाली कई पीढ़ियों तक हमेशा जिंदा रहें।"
जोया अख्तर के निर्देशन में बनी 'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' एक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है। इसमें तीन दोस्तों- ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल की कहानी दिखाई गई है, जो स्पेन की तीन सप्ताह की रोड ट्रिप पर निकलते हैं। इस सफर के दौरान वे अपने-अपने डर का सामना करते हैं और जिंदगी को नए नजरिए से जीना सीखते हैं।
फिल्म यह संदेश देती है कि वर्तमान में जीना और जीवन के हर पल का आनंद लेना कितना महत्वपूर्ण है। इसमें अर्जुन (ऋतिक रोशन) को एक ऐसे शख्स के रूप में दिखाया गया है, जो शुरुआत में केवल पैसे और करियर को महत्व देता है, लेकिन यात्रा के दौरान उसे एहसास होता है कि असली खुशी रिश्तों, प्यार और जीवन के अनुभवों में है।
फिल्म को रिलीज के समय दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिली थी। आज भी यह दर्शकों के बीच लोकप्रिय है और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा होती रहती है। फिल्म में ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर, अभय देओल, कटरीना कैफ और कल्कि कोचलिन ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्म का संगीत शंकर-एहसान-लॉय ने तैयार किया था। इसमें जावेद अख्तर द्वारा लिखी गई शायरी और गीत (जैसे 'दिल धड़कने दो' और 'ख्वाबों के परिंदे') बेहद लोकप्रिय हैं। फरहान अख्तर द्वारा फिल्म में पढ़ी गई कविताएं (जैसे 'पिघले नीलम सा...') आज भी लोगों के दिलों में बसी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 July 2026 2:42 PM IST












