'कर्म लौटकर आता है', ममता पर हमले को लेकर बोले पूर्व टीएमसी नेता, बोले- 'लोगों का 15 साल का गुस्सा बाहर निकला'
कोलकाता, 10 अगस्त (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता रिजु दत्ता ने ममता बनर्जी पर हुए हमले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोगों के अंदर 15 साल से भरा हुआ गुस्सा बाहर निकल रहा है। हालांकि, रिजु दत्ता ने इस घटना की आलोचना भी की।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए पूर्व प्रवक्ता रिजु दत्ता ने कहा, "अगर तीन बार की मुख्यमंत्री सड़कों पर निकलती हैं, तो उन्हें सुरक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है। उनके साथ जो घटनाएं हुई हैं, वैसी घटनाएं किसी भी सभ्य समाज में नहीं होनी चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें यह भी याद रखना चाहिए कि ममता बनर्जी के कार्यकाल में क्या हुआ था। कैसे भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर पत्थर फेंके गए? कैसे उनकी जान लेने की कोशिश की गई? कैसे दिलीप घोष, जो अभी मंत्री हैं, पर हमला हुआ था? कैसे कूचबिहार में मौजूदा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को जिंदा जलाने की साजिश रची गई? ये सब ममता बनर्जी के कार्यकाल में हुआ था। हमेशा कर्म लौटकर आता है।"
पूर्व टीएमसी नेता ने कहा, "मुख्यमंत्री (सुवेंदु अधिकारी) ने भी बोला कि ममता बनर्जी के पास 'जेड प्लस' सुरक्षा है। अगर कहीं जाना है तो उन्हें इस बारे में पुलिस को जरूर बताना चाहिए। वे बिना बताए चली गईं, इस कारण यह घटना हुई।"
रिजु दत्ता ने कहा कि लोगों के अंदर 15 साल से भरा हुआ गुस्सा बाहर निकल रहा है। यह लोगों का गुस्सा है, इसमें कोई क्या कर सकता है। हालांकि, उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि एक भूतपूर्व महिला मुख्यमंत्री के लिए जितनी जरूरी सुरक्षा होनी चाहिए, वो सुरक्षा दी जाए।
अभिषेक बनर्जी के पीए सुमित रॉय से सीआईडी की पूछताछ को लेकर भी रिजु दत्ता ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "सीआईडी जांच कर रही है। अभिषेक बनर्जी के पीए रहे सुमित राय के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें बहुत गंभीर आरोप शामिल हैं। कुछ मामलों में उन पर जबरन वसूली का आरोप है, तो कुछ में सरकारी जमीन बेचने, नौकरी बेचने और लोगों को डरा-धमकाकर पैसे ऐंठने का आरोप है।"
रिजु दत्ता ने कहा कि जांच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हो रही है। जब भी पुलिस उन्हें बुलाएगी, सुमित रॉय को पेश होना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सुमित रॉय बहुत अहम व्यक्ति हैं क्योंकि उनके पास दार्जिलिंग से लेकर डायमंड हार्बर तक, तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार का पूरा रिकॉर्ड है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Aug 2026 12:43 PM IST












