कर्नाटक के पीडब्ल्यूडी मंत्री और अन्य के खिलाफ ईडी की कार्रवाई, बेंगलुरु समेत 21 ठिकानों पर छापेमारी
बेंगलुरु, 11 सितंबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बेंगलुरु जोनल ऑफिस ने बुधवार और गुरुवार को कर्नाटक के पीडब्ल्यूडी मंत्री सतीश जारकीहोली और उनके करीबी सहयोगियों से जुड़ी 21 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। ये तलाशी बेंगलुरु, बेलगावी, गोकक और कोलकाता में 4 जगहों पर की गई।
ईडी की ओर से यह कार्रवाई फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) के तहत जारकीहोली परिवार के कथित तौर पर घोषित न किए गए विदेशी निवेश, सीमा-पार व्यापारिक संबंधों और संदिग्ध वित्तीय अनियमितताओं की जांच और पुष्टि करने के लिए की गई थी।
तलाशी अभियान में चिक्कोडी की सांसद और सतीश जारकीहोली की बेटी प्रियंका जारकीहोली, बेटे राहुल जारकीहोली और जीजा वाईडी मंजूनाथ शामिल थे। इसके अलावा, सतीश जारकीहोली के कई करीबी सहयोगियों की संपत्तियों की भी तलाशी ली गई, जिनमें उनके ओएसजी और पर्सनल असिस्टेंट मालागौडा पाटिल, राजू दरगशेट्टी, विट्ठल परसनवर और डॉ. गिरीश सोनवलकर शामिल हैं।
इनके अलावा, ईडी की ओर से एक प्राइवेट कंपनी भारत वाणिज्य ईस्टर्न प्राइवेट लिमिटेड (बीवीईपीएल) के अधिकारियों के खिलाफ भी तलाशी ली गई। इन पर आरोप था कि कंपनी ने पीडब्ल्यूडी विभाग से टेंडर पाने के बदले भारी रिश्वत दी थी, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर विदेशी संपत्ति हासिल करने के लिए किया गया था।
इस तलाशी के दौरान बीवीईपीएल के मालिकों के ऑफिस और घरों की भी जांच की गई। जांच में पता चला कि जारकीहोली के रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों, जिसमें उनकी बेटी प्रियंका जारकीहोली, बेटे राहुल जारकीहोली और बहन महादेवी मंजूनाथ, जो कि जोवाईडी मंजूनाथ की पत्नी भी हैं, ने कई विदेशी कंपनियों में हिस्सेदारी हासिल की है, जैसे एल्डोराडो माइनिंग रिसोर्सेज, कांगो और नवा ऑरम माइनिंग लिमिटेड, जाम्बिया आदि।
जांच में यह भी पता चला कि सतीश जारकीहोली ने मैग्नीट्यूड स्टार एसएआरएल, कांगो में लगभग 40 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की है, जो सोने की माइनिंग का काम करती है। जांच में अफ्रीका में खनन संपत्तियों के मालिक के खिलाफ कई दूसरी विदेशी कंपनियों के दस्तावेज भी मिले और जब्त किए गए। कई जगहों पर एक साथ की गई इन तलाशी कार्रवाइयों के दौरान, जिनमें गोकक और डॉलर्स कॉलोनी में मंत्री के घर, बेंगलुरु में क्रिसेंट रोड पर उनका कार्यालय और घर और गोकक व बेलगावी में संपत्तियां शामिल थीं।
ईडी अधिकारियों ने फेमा के तहत नियमों के उल्लंघन से जुड़ी अहम चीजें बरामद कीं। तलाशी के दौरान 3.3 करोड़ रुपए की बिना हिसाब-किताब वाली भारतीय नकदी और 15 लाख रुपए की विदेशी मुद्रा (जैसे यूएस डॉलर, यूरो आदि) मिली और जब्त की गई। इसके साथ ही तलाशी में मिले सबूतों से पता चला कि कांगो की एक कंपनी में गैर-कानूनी तरीके से भारी मात्रा में नकद निवेश/खर्च किया गया था।
तलाशी में पीडब्ल्यूडी विभाग में गड़बड़ियों से जुड़े सबूत भी मिले। इसके अलावा, कई प्रभावशाली लोगों, जिनमें सतीश जारकीहोली के साले वाईडी मंजूनाथ द्वारा नियंत्रित और संचालित कंपनी के खाते भी शामिल हैं। कंपनियों और खातों में रिश्वत की रकम (जैसे बीवीईपीएल जैसे ठेकेदारों से ली गई रिश्वत) से जुड़े डिजिटल डिवाइस समेत कई आपत्तिजनक सामान/दस्तावेज मिले। वहीं, ईडी की ओर से इस मामले से संबंधित आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Sept 2026 8:56 PM IST












