ब्रिक्स समिट अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद भी पहुंचे नई दिल्ली, राज्य मंत्री ने किया स्वागत

ब्रिक्स समिट  अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद भी पहुंचे नई दिल्ली, राज्य मंत्री ने किया स्वागत
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान शुक्रवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचे। उनका हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान शुक्रवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचे। उनका हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का हार्दिक स्वागत है। हवाई अड्डे पर राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया।"

मंत्रालय ने आगे कहा कि यह यात्रा साझा समृद्धि के लिए मजबूत व्यापार और ऊर्जा सुरक्षा पर केंद्रित भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर होगी।

इससे पहले मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर राज्य मंत्री संजय सेठ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय ने एक्स पर लिखा, “नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी का हार्दिक स्वागत है। हवाई अड्डे पर राज्य मंत्री संजय सेठ ने उनका स्वागत किया। भारत और मिस्र के बीच गहरी मित्रता के संबंध हैं, क्योंकि हम एक मजबूत ब्रिक्स साझेदारी बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।"

2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता के तौर पर भारत 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा, जिसमें ब्रिक्स सदस्य देशों, साझेदार देशों और आमंत्रित अतिथि देशों के नेता एक साथ आएंगे।

ब्रिक्स में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। ब्रिक्स के साझेदार देश हैं: बेलारूस, क्यूबा, बोलीविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आने वाले दिनों में दुनियाभर के नेता ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में इकट्ठा होंगे और विश्वास जताया कि इस उच्च स्तरीय बैठक में विश्व के कल्याण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चाएं होंगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Sept 2026 8:36 PM IST

Tags

Next Story