केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएगी दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति, आप नेताओं पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप

केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएगी दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति, आप नेताओं पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (डीएसजीएमसी) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर गुरुद्वारा बंगला साहिब को बदनाम करने की कोशिश का आरोप लगाया है। कालका ने कहा कि वे इस प्रकरण को लेकर अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे।

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (डीएसजीएमसी) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर गुरुद्वारा बंगला साहिब को बदनाम करने की कोशिश का आरोप लगाया है। कालका ने कहा कि वे इस प्रकरण को लेकर अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे।

हरमीत सिंह कालका ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "आज दोपहर, हम अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों के खिलाफ डीसीपी ऑफिस, पार्लियामेंट स्ट्रीट में औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे। उन पर गुरुद्वारा बंगला साहिब में घुसने, राजनीतिक नारे लगाने, हंगामा करने और गुरु घर व उसके प्रबंधन को बदनाम करने के लिए गुमराह करने वाले वीडियो फैलाने का आरोप है।"

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा कि गुरुद्वारा बंगला साहिब करुणा और निस्वार्थ सेवा का एक सदाबहार प्रतीक है, जो बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए खुला है।

इस संबंध में समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए हरमीत सिंह कालका ने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि गुरु घर के अंदर राजनीति की जा रही है। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने यह नैरेटिव बनाने की कोशिश की है कि पुलिस गुरुद्वारे में घुस गई थी। मेरा मानना ​​है कि यह बहुत गंदी राजनीति है। हालांकि, जहां भी हमें कार्रवाई करने की जरूरत थी, हमने न तो किसी पुलिसकर्मी को ऊपर जाने दिया और न ही किसी प्रदर्शनकारी को अंदर आने दिया।"

उन्होंने आरोप लगाया कि शनिवार को कुछ प्रदर्शनकारियों ने गुरुद्वारा बंगला साहिब के परिसर में आकर प्रदर्शन करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें वहां से निकाल दिया गया था। उन प्रदर्शकारियों को पकड़ने आए पुलिसकर्मियों को भी बाहर रोका गया था।

हरमीत सिंह कालका ने कहा कि पुलिसकर्मियों की वीडियो वायरल की जा रही है, लेकिन वे गुरुद्वारे के बाहर अशोका रोड से निकलकर गए थे। वे पुलिसकर्मी न जोड़ा घर की तरफ गए, न वे लंगर हॉल में जा रहे थे और न ही वे दरबार हॉल की तरफ गए। वे सिर्फ गुरुद्वारे के पास से होकर निकले थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Oct 2026 2:06 PM IST

Tags

Next Story