पंजाब की राजनीति में दिशा की कमी, सभी कांग्रेस नेताओं को एक मंच पर लाने का काम करेंगे परगट सिंह
चंडीगढ़, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के नवनियुक्त पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने पार्टी कार्यालय पहुंचकर पद्भार संभाल लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंजाब की राजनीति में दिशा की कमी है और वह सभी कांग्रेस नेताओं को एक मंच पर लाने का काम करेंगे।
नवरात्रि के अवसर पर परगट सिंह ने आईएएनएस से कहा, "सबसे पहले मैं नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं, यह बहुत शुभ अवसर है। इसके साथ ही हम पंजाब में रचनात्मक राजनीति की दिशा में काम करेंगे क्योंकि राज्य की राजनीति दिशाहीन होती जा रही है।"
सीजेपी के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर परगट सिंह ने कहा, "यह लोकतंत्र नहीं है, देश में तानाशाही चल रही है।" बता दें कि इससे पहले 4 अक्टूबर को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के एक बयान पर परगट सिंह ने प्रतिक्रिया दी थी। भगवंत मान ने कहा था कि पंजाब कांग्रेस में कार्यकर्ता कम हैं और मुख्यमंत्री पद के दावेदार ज्यादा हैं।
इस पर परगट सिंह ने कहा था, "भगवंत मान को तर्क के साथ बात करनी चाहिए।" उन्होंने कहा था कि भगवंत मान चिंता न करें, कांग्रेस की एक अच्छी टीम आगे बढ़ेगी। हम जानते हैं कि पंजाब के लिए क्या करना है और हम पंजाब को बेहतर स्थिति में लाएंगे।
उन्होंने कहा था, "भगवंत मान को मैं जानता हूं और वह मुझे जानते हैं। एक कलाकार के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं और एक खिलाड़ी के तौर पर वे मेरा सम्मान करते हैं। हालांकि पिछले पौने 5 सालों में आपने जो किया है, लोग उसके लिए जवाबदेही की मांग करेंगे।"
पंजाब कांग्रेस के सीएम चेहरे के सवाल पर परगट सिंह ने कहा था कि ऐसी कोई बात नहीं है। जो चुने हुए प्रतिनिधि होंगे, वे सीएलपी का चयन करेंगे। यह स्वाभाविक रूप से हाईकमान के साथ बातचीत और चर्चा के बाद ही होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 1:46 PM IST












