केजरीवाल से जुड़े चार्टर्ड प्लेन विवाद पर अवध ओझा का तंज, तो क्या नेता बैलगाड़ी पर चलें

केजरीवाल से जुड़े चार्टर्ड प्लेन विवाद पर अवध ओझा का तंज, तो क्या नेता बैलगाड़ी पर चलें
आम आदमी पार्टी के टिकट से दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ चुके शिक्षाविद अवध ओझा ने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के चार्टर्ड प्लेन में सफर को लेकर प्रतिक्रिया दी।

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के टिकट से दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ चुके शिक्षाविद अवध ओझा ने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के चार्टर्ड प्लेन में सफर को लेकर प्रतिक्रिया दी।

केजरीवाल और भगवंत मान के चार्टर्ड प्लेन में यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर अवध ओझा ने आईएएनएस से कहा, "क्या वे बैलगाड़ी पर चले?" उन्होंने बताया कि आज के दौर में तेज परिवहन और बेहतर संचार इसलिए विकसित किए गए हैं ताकि समय की बचत हो सके। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उन्हें यहां से गुवाहाटी क्लास लेने जाना हो और वे ट्रेन से जाएं, तो इसमें करीब 24 घंटे लग जाएंगे। ऐसे में विमान या बेहतर साधनों का उपयोग करना जरूरत है, न कि दिखावा।

उन्होंने कहा कि अगर एक आम आदमी मेहनत करके ऊंचाई तक पहुंच सकता है, तो उसकी लाइफस्टाइल भी बदलेगी। अगर मुझे कहीं जल्दी जाना हो, तो मैं भी समय बचाने के लिए तेज साधन चुनूंगा। इसका मतलब यह नहीं कि वह व्यक्ति आम आदमी से दूर हो गया है।

अवध ओझा ने कहा कि देश में आम आदमी ही असली राजा है और नेताओं की भी अपनी जिम्मेदारियां होती हैं। अगर कोई नेता चार्टर्ड प्लेन में यात्रा करता है, तो वह उसकी जरूरत के हिसाब से होता है। उन्होंने कहा कि निजी जीवन में नेता, आम आदमी की तरह ही रहते हैं।

वहीं, शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को राहत मिलने के बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या वे उन्हें भगवान मानते हैं, तो उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को भगवान मानना गलत है और यह चापलूसी होगी।

उन्होंने केजरीवाल की तारीफ करते हुए उन्हें एक बहुत अच्छा नेता बताया, जिनके पास शानदार विजन है। अवध ओझा ने कहा कि उन्होंने केजरीवाल के साथ कई बार लंबी बैठकों में समय बिताया है, जहां शिक्षा, औद्योगिकीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा होती थी। केजरीवाल देश के भविष्य के नेता बन सकते हैं, क्योंकि लोग धीरे-धीरे बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य की जरूरत को समझ रहे हैं।

इसके अलावा फिल्मों में एंट्री को लेकर भी अवध ओझा ने दिलचस्प बात कही। उन्होंने बताया कि उनका बॉलीवुड में अच्छा संपर्क है और उन्होंने 'मिर्जापुर' के स्क्रिप्ट राइटर पुनीत कृष्णा समेत कई लोगों से उन्हें विलेन का रोल देने की बात कही है। ओझा ने हंसते हुए कहा कि अगर वे हीरो का रोल करेंगे तो शायद उसमें फिट नहीं बैठेंगे, लेकिन विलेन का किरदार वे बेहतर तरीके से निभा सकते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 April 2026 1:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story