केंद्र सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा पर रांची में शुरू हुआ तीन दिवसीय ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो’
रांची, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में विकास, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के प्रयासों को सामने रखने के लिए गुरुवार को रांची में तीन दिवसीय ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ की शुरुआत हुई। रांची क्लब में आयोजित इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, देश की विकास यात्रा और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को प्रदर्शित किया गया है।
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद रहे। प्रदर्शनी की थीम ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ रखी गई है। इसके जरिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शनी में चित्रों, एलईडी स्क्रीन और सूचना पुस्तिकाओं के माध्यम से विकास, सामाजिक कल्याण, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को प्रस्तुत किया गया है।
उद्घाटन के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बुनियादी ढांचे और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नागरिकों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को एक ही स्थान पर देखने और समझने का अवसर उपलब्ध कराया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को योजनाओं की जानकारी देना और देश की विकास यात्रा से जोड़ना है।
प्रदर्शनी में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की परिकल्पना को भी प्रमुखता दी गई है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के अलावा राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, विधायक सीपी सिंह, रांची की महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी में प्रस्तुत विषयों और जानकारी की सराहना की।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग और स्कूली विद्यार्थी पहुंच रहे हैं। चित्रों और डिजिटल माध्यमों के जरिए प्रस्तुत जानकारी से खासकर विद्यार्थियों को केंद्र सरकार की योजनाओं, देश में हो रहे बदलावों और विकसित भारत के लक्ष्य को समझने का अवसर मिल रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2026 4:57 PM IST












