केरल राज्यपाल ने शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की
तिरुवनंतपुरम, 23 मार्च (आईएएनएस)। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने 'शहीदी दिवस' के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह समारोह लोक भवन में आयोजित किया गया।
राज्यपाल ने पुष्पांजलि अर्पित कर भारत की स्वतंत्रता के लिए प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा। राजभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी समारोह में भाग लिया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
हर साल इस दिन शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की शहादत की याद में शहीदी दिवस मनाया जाता है।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत कई बड़े नेताओं ने महान क्रांतिकारियों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने क्रांतिकारियों के साहस, त्याग व राष्ट्रप्रेम को भी याद किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया कि भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु भारतीय स्वाधीनता आंदोलन के ऐसे युगपुरुष हुए, जिन्होंने अपने विचार और व्यवहार, दोनों से मातृभूमि की आजादी के लिए युवाओं को प्रेरित किया। इन वीरों के पराक्रम की गूंज ने पूरी अंग्रेजी हुकूमत को भयभीत कर दिया।
लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि अमर बलिदानी शहीद सरदार भगत सिंह जी, राजगुरु जी और सुखदेव जी के बलिदान दिवस पर भावपूर्ण स्मरण। देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों का बलिदान देने वाले इन वीर राष्ट्रभक्तों ने साहस, त्याग और देशप्रेम की अद्वितीय मिसाल पेश की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पोस्ट में कहा कि इंकलाब की ज्योति प्रज्वलित करने वाले अमर बलिदानी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का त्याग भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनका साहस, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना सदियों तक हमें 'राष्ट्र सर्वोपरि' की प्रेरणा देती रहेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 11:48 PM IST











