केरल स्थानीय निकाय चुनाव परिणाम को लेकर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने दी बधाई

केरल स्थानीय निकाय चुनाव परिणाम को लेकर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने दी बधाई
केरल स्थानीय निकाय चुनाव परिणाम में यूडीएफ की जीत को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने निर्णायक और हौसला बढ़ाने वाला जनादेश बताया है। पार्टी की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी केरल के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

नई दिल्ली, 13 दिसंबर (आईएएनएस)। केरल स्थानीय निकाय चुनाव परिणाम में यूडीएफ की जीत को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने निर्णायक और हौसला बढ़ाने वाला जनादेश बताया है। पार्टी की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी केरल के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

केरल में यूडीएफ की जीत पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “स्थानीय निकाय चुनावों में यूडीएफ पर भरोसा जताने के लिए केरल की जनता को सलाम। यह एक निर्णायक और उत्साहवर्धक जनादेश है।”

इसके साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि ये परिणाम यूडीएफ में बढ़ते विश्वास का स्पष्ट संकेत हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में शानदार जीत की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि संदेश स्पष्ट है कि केरल एक जवाबदेह शासन चाहता है, जो लोगों की बात सुने, जवाब दे और परिणाम दे।

राहुल गांधी ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा, “हमारा ध्यान अब पूरी तरह से केरल के आम लोगों के साथ खड़े रहने, उनकी रोजमर्रा की चिंताओं को दूर करने और पारदर्शी, जनहितकारी प्रशासन सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केरल स्थानीय निकाय चुनाव परिणाम को लेकर कहा कि यूडीएफ अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी इसी तरह का जनादेश हासिल करेगा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस स्थानीय निकाय चुनावों में यूडीएफ को दिए गए निर्णायक फैसले के लिए केरल के लोगों का दिल से आभार व्यक्त करती है। हमें विश्वास है कि हमारा गठबंधन यूडीएफ अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी इसी तरह का जनादेश हासिल करेगा। इसी विश्वास के साथ केरल कांग्रेस पूरी जिम्मेदारी और एकजुट मकसद के साथ प्रचार करेगी।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि केरल के लोकल सेल्फ-गवर्नमेंट चुनावों में कितने शानदार नतीजे आए हैं। जनादेश साफ है और राज्य की लोकतांत्रिक भावना स्पष्ट झलकती है। विभिन्न लोकल बॉडीज में वास्तव में प्रभावशाली जीत के लिए यूडीएफ केरल को बहुत-बहुत बधाई। यह एक बहुत बड़ा समर्थन है और राज्य विधानसभा चुनावों से पहले एक शक्तिशाली संकेत है। कड़ी मेहनत, एक मजबूत संदेश और सत्ता-विरोधी लहर, इन सबने मिलकर 2020 की तुलना में कहीं बेहतर नतीजे दिए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मैं तिरुवनंतपुरम में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन को भी स्वीकार करता हूं और शहर के कॉरपोरेशन में उनकी महत्वपूर्ण जीत पर विनम्र बधाई देता हूं। यह एक मजबूत प्रदर्शन है, जो राजधानी के राजनीतिक परिदृश्य में एक उल्लेखनीय बदलाव को दिखाता है। मैंने 45 साल के एलडीएफ के कुशासन से बदलाव के लिए प्रचार किया था, लेकिन मतदाताओं ने आखिरकार एक दूसरी पार्टी को पुरस्कृत किया है, जिसने शासन में स्पष्ट बदलाव की मांग की थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Dec 2025 10:01 PM IST

Tags

Next Story