केतन मर्डर केस सिया को लेकर लोहागढ़ किले पर पहुंची पुलिस, डमी बॉडी से दोहराया गया पूरा घटनाक्रम
पुणे, 28 जून (आईएएनएस)। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच तेज हो गई है। मामले की सच्चाई और घटनाक्रम को समझने के लिए रविवार सुबह पुणे ग्रामीण पुलिस ने लोहागढ़ किले पर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। इसके लिए मुख्य आरोपी सिया गोयल को भी पुलिस घटनास्थल पर लेकर पहुंची।
लोणावला पुलिस ने जांच प्रक्रिया के तहत एक डमी बॉडी की मदद से पूरे घटनाक्रम को दोबारा दोहराया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सिया गोयल से घटना के बारे में जानकारी लेकर उसके बताए अनुसार घटनास्थल पर घटनाओं का क्रम समझने का प्रयास किया। क्राइम सीन रीक्रिएशन का उद्देश्य अब तक जुटाए गए साक्ष्यों का मिलान करना और जांच को मजबूत बनाना था।
मामले के जांच अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) गजानन टोंपे ने बताया कि सिया गोयल द्वारा पूछताछ में दी गई जानकारी के आधार पर घटनास्थल पर पूरी घटना को री-क्रिएट किया गया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि डमी बॉडी की सहायता से वास्तविक परिस्थितियों को दोहराने का प्रयास किया गया, ताकि घटना की पूरी श्रृंखला को समझा जा सके। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि 20 वर्षीय सिया गोयल की सगाई पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल से हुई थी लेकिन वह यह शादी नहीं करना चाहती थी। सिया का 22 वर्षीय चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सिया ने कथित तौर पर बताया कि यदि वह तय हो चुकी अरेंज मैरिज से इनकार करती तो परिवार की बदनामी होती। इसी वजह से उसने और चेतन ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 18 जून को केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले पर बुलाया गया। वहां सुनसान स्थान पर मौका देखकर उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। क्राइम सीन रीक्रिएशन और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Jun 2026 1:46 PM IST












