अमृतसर में लव-कुश और माता जानकी का बनेगा भव्य मंदिर, पूरी दुनिया के लोगों के लिए खुशी केजरीवाल
अमृतसर, 28 जून (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को अमृतसर में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई अहम घोषणाएं कीं। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर में लव-कुश और माता जानकी को समर्पित एक भव्य मंदिर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल पंजाब और देश, बल्कि पूरी दुनिया के लोगों के लिए खुशी और आस्था का विषय होगा।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अमृतसर दुनिया के सबसे पवित्र शहरों में से एक है, जहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। यहां स्थित श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) पूरी दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है, जहां लोग शांति और आध्यात्मिक संतोष की तलाश में आते हैं। अमृतसर में दुर्गियाना मंदिर और भगवान वाल्मीकि तीर्थस्थल जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल भी मौजूद हैं, जिससे यह शहर विभिन्न धार्मिक परंपराओं का संगम बनता है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मान्यता है कि भगवान वाल्मीकि ने यहीं रामायण की रचना की थी। माता सीता ने भी वाल्मीकि आश्रम में निवास किया था और यहीं लव-कुश का जन्म तथा पालन-पोषण हुआ।
उन्होंने कहा कि अश्वमेध यज्ञ के दौरान भगवान राम द्वारा छोड़े गए घोड़े को लव-कुश ने इसी भूमि पर रोककर पेड़ से बांध दिया था। इसलिए यह स्थान हिंदू धर्म के अनुयायियों और विशेष रूप से वाल्मीकि समाज के लिए अत्यंत श्रद्धा का केंद्र है। केजरीवाल ने विश्वास जताया कि प्रस्तावित मंदिर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा और अमृतसर की आध्यात्मिक पहचान को और मजबूत करेगा।
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा आम आदमी पार्टी के विधायकों और मंत्रियों को तलब किए जाने के मुद्दे पर कहा कि उनकी पार्टी श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता का पूरा सम्मान करती है। जिन विधायकों और मंत्रियों को बुलाया गया है, वे सभी सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखेंगे। कुछ मंत्रियों को लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं और वे भी उसी के अनुसार जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि वह स्वयं भी पहले श्री अकाल तख्त साहिब के बुलावे पर राष्ट्रपति का कार्यक्रम छोड़कर वहां पहुंचे थे। पार्टी धार्मिक संस्थाओं का सम्मान करती है और सभी नेता निर्धारित निर्देशों का पालन करेंगे। सोमवार को सुनवाई के बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Jun 2026 1:46 PM IST












