केतन हत्याकांड सिया गोयल के भाई साहिल से लगातार दूसरे दिन पूछताछ, पुलिस ने माता-पिता को भी बुलाया
पुणे, 27 जून (आईएएनएस)। पुणे के 26 साल के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी सिया गोयल के परिजनों से लगातार दूसरी दिन पूछताछ हुई है। शनिवार को सिया के माता-पिता और उसका भाई साहिल लोनावला पुलिस थाने में हाजिर हुए, जहां पुलिस ने उनसे केतन हत्याकांड में पूछताछ की।
पुणे पुलिस ने सिया के माता-पिता के साथ-साथ साहिल को भी पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके बाद सिया के परिजन शनिवार सुबह लोनावला थाने में पहुंचे।
इससे पहले, शुक्रवार को सिया के भाई साहिल से पुलिस ने लगभग 10 घंटे पूछताछ की थी। लोनावला ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि साहिल को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और कई घंटे तक पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साहिल शुक्रवार सुबह पूछताछ के लिए पहुंचा था और देर शाम उसे जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान अधिकारियों ने उससे सिया और सह-आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते, उनके संपर्क और मामले से जुड़े कई अहम पहलुओं पर सवाल पूछे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साहिल ने कहा, "अगर सिया ने कहा होता कि उसे केतन पसंद नहीं है, तो हम शादी रुकवा देते।"
इस मामले में सिया गोयल पर अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप है। शुरुआत में उनकी मौत को ट्रैकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया था, लेकिन बाद में जांच में इसे सुनियोजित हत्या की साजिश बताया गया।
पुलिस ने बताया कि 18 जून को लोनावला के लोहगढ़ किले पर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन अग्रवाल की पहाड़ से धक्का देकर हत्या की थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि दोनों ने यह साजिश इसलिए रची, क्योंकि सिया नवंबर में होने वाली शादी नहीं करना चाहती थी।
केतन अग्रवाल अपने परिवार की रियल एस्टेट कंपनी सक्सेस ग्रुप में निदेशक और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Jun 2026 1:46 PM IST












