केवल इस्तीफों से पेपर लीक नहीं रुकेगा, सख्त कार्रवाई जरूरी राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव
पटना, 29 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने पेपर लीक विरोधी बिल, नीट मामले की जांच, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी, छात्रों की रिहाई और बिहार के बाकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा, केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर जुबानी हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल कानून बनाने से पेपर लीक की समस्या समाप्त नहीं होगी, बल्कि इसके लिए सरकार बदलने की जरूरत है।
पेपर लीक के मुद्दे पर शक्ति सिंह यादव ने कहा कि आज देशभर के चौक-चौराहों पर सबसे बड़ी चर्चा युवाओं के भविष्य को लेकर हो रही है। अब तक 152 बार प्रश्न पत्र लीक हो चुके हैं और युवाओं के लगातार दबाव के कारण सरकार को कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा। जिम्मेदारी तय होने के बावजूद यह सवाल आज भी बना हुआ है कि क्या केवल इस्तीफों से पेपर लीक रुक जाएगा। जब तक यह सरकार रहेगी, तब तक यह संभव नहीं है, क्योंकि सरकार ही लीक है। जब सरकार ही लीक है तो सरकार बदलनी पड़ेगी और यह बात अब आम जनता के मन में बैठ चुकी है।
नीट मामले में सीबीआई द्वारा 13 लोगों को हिरासत में लिए जाने, जिनमें एनटीए के तीन अधिकारी भी शामिल हैं, इस पर राजद नेता ने कहा कि जांच करना सीबीआई का काम है और एजेंसी को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के नीट मामले में गुजरात से लेकर बिहार तक कई मामलों में लोगों को क्लीन चिट मिली और पूरे प्रकरण में स्थिति संतोषजनक नहीं रही। जब तक व्यवस्था नहीं बदलेगी, तब तक केवल जांच से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा।
राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी पर की गई टिप्पणी का समर्थन करते हुए शक्ति सिंह यादव ने कहा कि प्रह्लाद जोशी शिक्षा मंत्रालय जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के योग्य नहीं हैं। इसके बावजूद भाजपा ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है और इससे शिक्षा व्यवस्था की स्थिति और खराब हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 'एक तो नीम, दूजे करेला' जैसी स्थिति बन गई है।
बिहार में छात्र आंदोलन और छात्रों की रिहाई के मुद्दे पर राजद प्रवक्ता ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो राजद राज्यव्यापी आंदोलन करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आंदोलनकारियों के साथ हुए समझौते का पालन नहीं किया और छात्रों पर ऐसी धाराएं लगाईं जो नहीं लगनी चाहिए थीं। तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर छात्रों को रिहा करने की मांग की थी और आंदोलन की चेतावनी दी थी। सरकार दबाव में आई और अंततः छात्रों को रिहा करना पड़ा। सरकार झुकती है, लेकिन उसे झुकाने वाला चाहिए।
बाकीपुर उपचुनाव को लेकर भी शक्ति सिंह यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार का शोर भले थम गया हो, लेकिन जनता का आक्रोश अभी भी कायम है। अब जनता जातीय और धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति से प्रभावित नहीं होगी और भाजपा के बहकावे में नहीं आएगी। भाजपा की राजनीतिक स्थिति कमजोर हो चुकी है और पार्टी समर्थन जुटाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी का उल्लेख करते हुए भाजपा की चुनावी रणनीति पर भी सवाल उठाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 July 2026 11:00 PM IST












