खाका-म्लाबा की शानदार गेंदबाजी, साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 18 रनों से हराया
हैमिल्टन, 17 मार्च (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 18 रनों से हराया। हैमिल्टन के सेडन पार्क में साउथ अफ्रीका से मिले 178 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
साउथ अफ्रीका ने दूसरे टी20 में जीत के साथ ही सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है। 178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जॉर्जिया प्लिमर महज एक रन बनाकर पवेलियन लौटीं। वहीं, विकेटकीपर-बल्लेबाज इसाबेला गेज भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और 6 रन बनाकर आउट हुईं। 31 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाने के बाद साउथ अफ्रीका की लड़खड़ाती हुई पारी को कप्तान अमेलिया केर और सोफी डिवाइन ने संभाला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। हालांकि, डिवाइन अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और 18 गेंदों में 25 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
अमेलिया केर ने 18 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 32 रन बनाए। इसके बाद न्यूजीलैंड ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। इजी शार्प ने 21 गेंदों में 29 रन बनाए, जबकि जेस केर ने 10 गेंदों में 14 रनों का योगदान दिया। साउथ अफ्रीका की तरफ से गेंदबाजी में अयाबोंगा खाका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 27 रन देकर 4 बड़े विकेट निकाले। वहीं, नॉनकुलुलको म्लाबा ने 27 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
इससे पहले साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 177 रन लगाए। टीम की ओर से ताजमिन ब्रिट्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 53 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने 33 गेंदों में 41 रन बनाए। पहले विकेट के लिए ब्रिट्स और सुने लुस ने मिलकर 6.6 ओवर में 62 रन जोड़े और साउथ अफ्रीका को बढ़िया शुरुआत दी। लुस ने 21 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए।
इसके बाद कप्तान वोल्वार्ट और ब्रिट्स ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े। ब्रिट्स ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 5 चौके और 3 छक्के लगाए। अंत के ओवरों में कायला रेनके ने सिर्फ 9 गेंदों में 311 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए नाबाद 28 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में अमेलिया केर और जेस केर ने दो-दो विकेट चटकाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 11:15 AM IST












