खड़गे के 'विवादित' बयान पर भाजपा का तीखा पलटवार 'उनकी बुद्धि कमजोर हो गई, दिमाग की जांच करवानी चाहिए'
मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए विवादित बयान को लेकर भाजपा ने मंगलवार को मुंबई में तीखा हमला बोला। महिला सम्मेलन यात्रा के दौरान भाजपा नेताओं ने खड़गे के बयान को 'बचकाना', 'शर्मनाक' और 'तालीबानी मानसिकता' बताया।
भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित सातम ने कहा, "जिन लोगों ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का विरोध करके देश की मातृशक्ति का अपमान किया और अपनी तालिबानी मानसिकता का प्रदर्शन किया, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में बोलने का कोई अधिकार नहीं है।"
महिला सम्मेलन यात्रा में शामिल केंद्रीय मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का विरोध करके 'पाप' किया। उन्होंने बताया कि कानून पारित न होने पर कांग्रेस ने जश्न मनाया था, लेकिन अब पूरा समाज इसके खिलाफ एकजुट हो गया है और यह आंदोलन पूरे देश में जोर पकड़ चुका है।
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन ने खड़गे के बयान को 'बचकाना' करार देते हुए कहा, "खड़गे कुछ कह रहे हैं, राहुल गांधी कुछ कह रहे हैं, प्रियंका गांधी कुछ कह रही हैं। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा। हमारी सरकार ने महिलाओं को न्याय दिलाने का काम किया है, लेकिन वे इसका विरोध कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "खड़गे अनुभवी राजनेता हैं, लेकिन उम्र के साथ उनकी बुद्धि भी कमजोर होती जा रही है। यह बहुत शर्मनाक है। मुझे लगता है कि उन्हें अपने दिमाग की जांच करवानी चाहिए।"
मंत्री पंकजा मुंडे ने कहा कि लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने बताया कि जब 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का बिल आने वाला था तो लोगों ने इसे महिलाओं के लिए बड़ी राहत माना था, लेकिन कांग्रेस ने इसे रोकने का पाप किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर 'विवादित' शब्दों के इस्तेमाल की निंदा करते हुए कहा, "पिछले तीन कार्यकालों से देश शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा है। ऐसे शब्दों का इस्तेमाल पूरी तरह गलत है।"
भाजपा नेता अतुल सावे भी महिला सम्मेलन यात्रा में शामिल हुए और खड़गे के बयान की आलोचना की।
भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि कांग्रेस ने महिला आरक्षण बिल का विरोध करके न केवल महिलाओं का, बल्कि पूरे देश का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस परिवारवाद और नकारात्मक राजनीति से आगे कुछ नहीं देख पा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2026 11:27 PM IST












