खातेगांव टीआई हत्याकांड मामले में पुलिस कार्रवाई जारी, दो आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर (लीड)

खातेगांव टीआई हत्याकांड मामले में पुलिस कार्रवाई जारी, दो आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर (लीड)
मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव के थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी सिलसिले में दो आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है, दोनों का उपचार जारी है।

भोपाल, 4 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव के थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी सिलसिले में दो आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है, दोनों का उपचार जारी है।

दरअसल, एक शराब से भरे ट्रक को पकड़ने के लिए देवास जिले की पुलिस को सतर्क किया गया था। उसी क्रम में खातेगांव के थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने ट्रक चालक को पकड़ने की कोशिश की थी। इसी दौरान उन्हें ट्रक से कुचल दिया गया था, इसके बाद से सरकार ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक गजेंद्र और सह आरोपी धीरज को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर खातेगांव लाया जा रहा था। इसी दौरान इन आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस को शॉर्ट एनकाउंटर करना पड़ा।

पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के अनुसार, गजेंद्र को अलीराजपुर से गिरफ्तार किया गया था और उसे देवास लाया जा रहा था। इसी दौरान कार का पहिया पंचर हो गया, जिसे सुधारा जा रहा था। इस दौरान गजेंद्र ने लघुशंका की बात कही।

बताया गया है कि आरोपी गजेंद्र ने पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली गजेंद्र के पैर में लगी। उसे उपचार के लिए देवास लाया गया।

इसी तरह, एक अन्य आरोपी धीरज ने भी पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने बताया है कि धीरज ने नोट प्रेस थाना क्षेत्र के करीब पुलिस का हथियार छीनकर हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की तो धीरज के पैर में गोली लगी। उसे भी उपचार के लिए देवास अस्पताल भेजा गया है। दोनों ही घायलों को उपचार के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया है।

पिछले दिनों दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुरी के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता के साथ उनकी पत्नी को उप निरीक्षक पद पर नियुक्ति का ऐलान किया था।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story