खेल मंत्रालय का एनएसएफ को निर्देश, ओलंपिक क्वालिफिकेशन और चयन के मानदंडों को करना होगा सार्वजनिक
नई दिल्ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। युवा मामले और खेल मंत्रालय ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को निर्देश दिया है कि वे लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक गेम्स के लिए एथलीट्स के चयन की प्रक्रिया और मानदंडों सहित ओलंपिक क्वालिफिकेशन और चयन के तरीके को सार्वजनिक करें।
मंत्रालय ने बताया है कि ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स, पैरा एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े खेल आयोजनों के लिए चयन नीति और मानदंडों का अच्छी तरह से प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए और संबंधित खेलों के शुरू होने से कम से कम दो साल पहले संबंधित एनएसएफ की आधिकारिक वेबसाइट पर इसे अपलोड किया जाना चाहिए।
चयन नीति और मानदंडों को एनएसएफ की सदस्य इकाइयों और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के साथ भी साझा किया जाना चाहिए।
लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक गेम्स 14 से 30 जुलाई 2028 तक आयोजित होने वाले हैं। 2028 के ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों का आयोजन मुख्य रूप से लॉस एंजिल्स, कैलिफोर्निया, संयुक्त राज्य अमेरिका में होंगे। इसके साथ ही 128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी भी होगी, जिसके मुकाबले ग्रेटर लॉस एंजिल्स के पोमोना शहर स्थित फेयरप्लेक्स ग्राउंड्स में खेले जाएंगे।
मंत्रालय ने जानकारी दी है कि लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक गेम्स के लिए क्वालिफिकेशन के तरीके संबंधित अंतरराष्ट्रीय महासंघों की तरफ से जारी कर दिए गए हैं।
सभी मान्यता प्राप्त एनएसएफ से अनुरोध किया गया है कि वे खेलों के लिए एथलीट्स के चयन के मानदंडों और प्रक्रिया सहित ओलंपिक क्वालिफिकेशन और चयन के तरीके को तुरंत और 15 जुलाई 2026 से पहले अपनी आधिकारिक वेबसाइट्स पर प्रकाशित करें।
एनएसएफ से यह भी कहा गया है कि वे सभी संबद्ध राज्य और केंद्र शासित प्रदेश संघों के बीच चयन प्रक्रिया का प्रचार-प्रसार करें।
इस पहल का उद्देश्य एथलीट चयन प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि खेलों के लिए क्वालिफिकेशन का तरीका, चयन के मानदंड और चयन प्रक्रिया सभी हितधारकों के लाभ के लिए काफी पहले सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध हों।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 July 2026 6:21 PM IST












