कीर्ति चक्र विजेता मेजर जनरल सुनील कुमार रजदान का निधन
नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय सेना के वीर योद्धा और असाधारण सैन्य अधिकारी मेजर जनरल सुनील कुमार रजदान (सेवानिवृत्त) का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन से भारतीय रक्षा बलों के बीच शोक की लहर है। मेजर जनरल रजदान को कीर्ति चक्र और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।
7वीं बटालियन, पैराशूट रेजिमेंट (7 पैरा एसएफ) के जांबाज अधिकारी रहे मेजर जनरल रजदान ने जम्मू-कश्मीर में 1994 में चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर सैन्य इतिहास में अपनी अलग पहचान बनाई।
1994 में जम्मू-कश्मीर में एक आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने कुछ युवतियों को बंधक बना लिया था। उस समय लेफ्टिनेंट कर्नल रहे सुनील कुमार रजदान ने अभियान का नेतृत्व किया और आगे बढ़कर दो आतंकवादियों को मार गिराया।
अभियान के दौरान उन्हें पेट में कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी भी गंभीर रूप से चोटिल हो गई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस दिखाते हुए बाकी खतरे को खत्म किया और बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालना सुनिश्चित किया।
उन्होंने तत्काल चिकित्सा निकासी से इनकार कर दिया और अभियान पूरा होने तक मोर्चे पर डटे रहे। उनकी इस असाधारण वीरता के लिए उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।
गंभीर चोटों के कारण उनके शरीर का कमर से नीचे का हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया, लेकिन उन्होंने अपनी शारीरिक सीमाओं को कभी अपने संकल्प के आड़े नहीं आने दिया।
अपनी दिव्यांगता को दृढ़ इच्छाशक्ति से चुनौती देते हुए मेजर जनरल रजदान ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वह भारतीय सेना के पहले व्हीलचेयर पर रहने वाले जनरल अधिकारी बने।
उन्होंने इसके बाद भी देश की सेवा जारी रखी और अपने सक्रिय सैन्य करियर का समापन मुख्यालय इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में किया, जहां उन्होंने महत्वपूर्ण और उपयोगी शोध कार्य किए।
मेजर जनरल सुनील कुमार रजदान का जीवन भारतीय सैन्य परंपराओं में सर्वोच्च कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समर्पण का उदाहरण है। उनका अदम्य जज्बा और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के सैनिकों और नागरिकों को प्रेरित करता रहेगा।
भारतीय रक्षा बलों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Aug 2026 9:58 PM IST












