केएससीए-आरसीबी ने उठाया बड़ा कदम, भगदड़ में मारे गए लोगों के लिए चिन्नास्वामी में रिजर्व होंगी 11 सीटें

केएससीए-आरसीबी ने उठाया बड़ा कदम, भगदड़ में मारे गए लोगों के लिए चिन्नास्वामी में रिजर्व होंगी 11 सीटें
आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद के साथ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होनी है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) ने पिछले साल हुई दुखद भगदड़ में मारे गए लोगों को सम्मान देने के लिए खास कदम उठाया है।

बेंगलुरु, 24 मार्च (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद के साथ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होनी है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) ने पिछले साल हुई दुखद भगदड़ में मारे गए लोगों को सम्मान देने के लिए खास कदम उठाया है।

केएससीए और आरसीबी ने मिलकर फैसला किया है कि बेंगलुरु स्थित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा के लिए उन लोगों की याद में खाली रखी जाएंगी, जिन्होंने इस हादसे में अपनी जान गंवाई थी। ये सीटें हर मैच और इवेंट के दौरान खाली रहेंगी, चाहे वह आईपीएल मैच हो या कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला। इसके अलावा, स्टेडियम के प्रवेश द्वार के पास एक मेमोरियल प्लाक (स्मारक पट्टिका) भी लगाया जाएगा। यह जगह लोगों के लिए एक शांत स्थान होगी, जहां वे इस हादसे में जान गंवाने वालों को याद कर सकेंगे।

सूत्रों ने 'आईएएनएस' को बताया, "हम प्रवेश द्वार के पास एक मेमोरियल प्लाक लगाएंगे और भगदड़ में मारे गए लोगों की याद में स्टेडियम में 11 सीटें रिजर्व करेंगे। मैं अभी ज्यादा जानकारी नहीं बता सकता। मुझे लगता है कि हम इसके बारे में और जानकारी मंगलवार की शाम को होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेयर करेंगे।"

उल्लेखनीय है कि आरसीबी ने 18 साल का सूखा खत्म करते हुए आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम किया था। इस जीत का जश्न मनाने के लिए आरसीबी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। हालांकि, स्टेडियम के बाहर फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा था, जिसके चलते भगदड़ मच गई थी और 11 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। वहीं, 50 से ज्यादा लोग इस दर्दनाक हादसे में घायल हो गए थे।

इस हादसे के लिए कर्नाटक सरकार ने आरसीबी और कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन और इवेंट से जुड़े अन्य भागीदारों को जिम्मेदार ठहराया था। आरसीबी ने मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की थी। भगदड़ के बाद से चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी का कोई मैच नहीं हुआ है। अब सरकार की अनुमति मिलने के बाद टीम फिर से आईपीएल 2026 में अपने होम ग्राउंड पर खेलती हुई नजर आएगी। आरसीबी एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस सीजन कुल 5 मैच खेलेगी, जबकि दो घरेलू मुकाबले टीम रायपुर में खेलने वाली है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 March 2026 3:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story