जानें कब, कैसे और किन लोगों को नहीं करना चाहिए पनीर का सेवन
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। शाकाहारी लोगों के लिए प्रोटीन का बड़ा स्रोत पनीर और सोयाबीन होता है। सोयाबीन खाना सभी लोग पसंद नहीं करते हैं लेकिन पनीर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को पसंद हैं।
पनीर खाने से कुछ लोगों को पेट में भारीपन, गैस, खट्टी डकार और पाचन में समस्या होने लगती है। ऐसा इसलिए क्योंकि पनीर के सेवन का सही तरीका और समय बहुत कम लोग ही जानते हैं।
आयुर्वेद के अनुसार पनीर अमृत भी बन सकता है और ज़हर भी, बस फर्क है इसे खाने के सही तरीके में। पनीर को हेल्दी मानकर सभी प्रवृत्ति के लोग इसका सेवन करने लगते हैं, लेकिन कुछ लोगों को पनीर खाने में सावधानी बरतने की जरूरत है, जैसे, जिन लोगों का यूरिक एसिड बढ़ा हुआ होता है, उन लोगों को पनीर का सेवन कम करना चाहिए। क्योंकि ऐसे में प्रोटीन शरीर में यूरिक एसिड की मात्रा को बढ़ा देता है और फिर जोड़ों में दर्द की समस्या बढ़ जाती है।
जिन लोगों का पाचन कमजोर है, उन्हें भी पनीर कम मात्रा में खाना चाहिए। पनीर भारी होता है और पचने में अधिक समय लगाता है। कमजोर पाचन वाले लोगों को पनीर को पकाकर खाना चाहिए, न कि कच्चा। कच्चा पनीर पेट में दर्द का कारण बन सकता है। अगर कफ और सांस लेने की परेशानी से जूझ रहे हैं तब भी पनीर का सेवन कम करना चाहिए। यह साइनस की समस्या को और अधिक खराब कर सकता है और जुकाम और कफ को बढ़ा सकता है।
इसके साथ ही मोटापे और कोलेस्ट्रॉल से पीड़ित लोगों को भी पनीर से परहेज करना चाहिए। पनीर में वसा होती है, जो मोटापे और कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मददगार होती है।
अब सवाल है कि पनीर को कैसे खाए। आयुर्वेद के मुताबिक, हमेशा पनीर को ताजा और घर में बनाकर ही खाना चाहिए। बाजार में मिलने वाले पनीर में मिलावट की संभावना ज्यादा होती है। इसके साथ ही, पनीर को हमेशा पकाकर खाए और मसालों के साथ ही खाना चाहिए। इसे अदरक, काली मिर्च और हल्दी के साथ मिलाकर खाएं। पनीर को रात के समय खाने से बचें, क्योंकि यह स्वभाव में भारी होता है और रात के समय पाचन शक्ति मंद हो जाती है। ऐसे में पनीर का सेवन लंच के समय करना ज्यादा सही रहेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 11:49 AM IST












