लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ बने सेना उप प्रमुख, सैन्य पाठ्यक्रमों में रहें हैं अव्वल
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने बुधवार को नई दिल्ली में सेना उप प्रमुख (वीसीओएएस) का पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वह रेगिस्तानी क्षेत्र में एक बख्तरबंद रेजिमेंट व विकसित क्षेत्र में एक बख्तरबंद ब्रिगेड और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद-विरोधी बल की कमान संभाल चुके हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल के पद पर पदोन्नति के उपरांत उन्होंने सुदर्शन चक्र कोर की कमान संभाली। इसके बाद उन्होंने दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अभियानों का नेतृत्व किया है। धीरज सेठ खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व-छात्र हैं। वर्ष 1986 में उन्होंने बख्तरबंद कोर में कमीशन प्राप्त किया था। लगभग चार दशक लंबे अपने कार्यकाल में उन्होंने विभिन्न भू-भागों और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों में असाधारण संचालन अनुभव प्राप्त किया है।
इसमें आतंकवाद विरोधी अभियान भी शामिल हैं। सेना कमांडर के पद पर पदोन्नत होने के बाद, उन्होंने दक्षिण पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्य किया। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उन्हें पश्चिमी मोर्चे पर दो ऑपरेशनल कमांड की कमान संभालने का दुर्लभ गौरव भी प्राप्त है।
लेफ्टिनेंट जनरल सेठ ने जम्मू-कश्मीर में एक स्वतंत्र बख्तरबंद ब्रिगेड के ब्रिगेड मेजर, अंगोला में संयुक्त राष्ट्र मिशन के साथ संचालन अधिकारी, सेना मुख्यालय में सहायक सैन्य सचिव, दक्षिण पश्चिमी कमान मुख्यालय में ब्रिगेडियर जनरल स्टाफ ऑपरेशंस और अनुशासन, समारोह और कल्याण के महानिदेशक सहित कई महत्वपूर्ण स्टाफ और रणनीतिक पदों पर कार्य किया है।
सेना के क्षमता विकास और आधुनिकीकरण में उनका योगदान विशिष्ट रहा है। उन्होंने सामरिक योजना और क्षमता विकास निदेशालयों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। जनरल ऑफिसर धीरज सेठ ने सभी पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
रक्षा मंत्रालय का कहना है कि वह लगातार शीर्ष स्थान प्राप्त करते आए हैं। उन्होंने जूनियर कमांड कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त किया और उन्हें डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण छात्र अधिकारी पदक से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्होंने हायर कमांड कोर्स और प्रतिष्ठित नेशनल डिफेंस कॉलेज में भी प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इसके अलावा, उन्होंने पेरिस में कमांड एंड स्टाफ कोर्स में भी शिरकत की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 5:39 PM IST












