'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पटना में भाजपा की पदयात्रा, सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना

पटना, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पटना में पदयात्रा निकाली। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पटना साहिब के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद समेत कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और विधान पार्षद शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
पदयात्रा कारगिल चौक से शुरू होकर गांधी मैदान लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा तक पहुंची। सैकड़ों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने भाजपा के झंडे और नारों की तख्तियां लेकर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। महिला कार्यकर्ताओं की भी अच्छी भागीदारी रही। समापन स्थल पर नेताओं ने जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने आपातकाल का दौर देखा है, जब पत्रकारों को जेल में बंद किया गया था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है जबकि विपक्ष को भी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर विपक्ष के सवालों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ईवीएम और बैलेट पेपर, दोनों पर सवाल उठाता है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में कथित बूथ कैप्चरिंग और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है। सम्राट चौधरी ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उल्लेख करते हुए विपक्ष के आरोपों को खारिज किया।
उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर विपक्ष ने जिन लोगों का मुद्दा उठाया था, उनके नाम संबंधित मतदाता सूची में दर्ज पाए गए। उन्होंने कहा कि राजनीति तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने आवास योजना, मुफ्त अनाज और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने चार करोड़ गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराए हैं, जिनमें बिहार के 50 लाख से अधिक लाभार्थी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए ने बिहार में 202 सीटें जीतकर सरकार बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को समृद्ध बनाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे बिहार के मजदूरों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े। सम्राट चौधरी ने कहा कि 1974 का आंदोलन इसी गांधी मैदान से शुरू हुआ था और आज भी लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सक्रिय रहने की अपील की।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
