एलपीजी आपूर्ति पर भाजपा सांसदों का विपक्षी दलों पर तंज, कहा-'देश में कोई संकट नहीं, विपक्ष फैला रहा है अराजकता'

एलपीजी आपूर्ति पर भाजपा सांसदों का विपक्षी दलों पर तंज, कहा-देश में कोई संकट नहीं, विपक्ष फैला रहा है अराजकता
एलपीजी आपूर्ति, किसानों के मुद्दे और वैश्विक परिस्थितियों को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में भाजपा के सांसदों ने सरकार की नीतियों का बचाव करते हुए विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। एलपीजी आपूर्ति, किसानों के मुद्दे और वैश्विक परिस्थितियों को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में भाजपा के सांसदों ने सरकार की नीतियों का बचाव करते हुए विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।

भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि देश में किसी प्रकार का संकट नहीं है। जब प्रधानमंत्री स्वयं यह स्पष्ट कर चुके हैं कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है, तब विपक्ष द्वारा अनावश्यक रूप से अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति नियंत्रण में है। जब विपक्ष के पास कुछ नहीं रहता है तो वह जनता को भ्रमित करने का काम करने लगता है, जो देश के लिए सही नहीं है।

वहीं, भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने किसानों के मुद्दे पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार की प्राथमिकता किसानों का कल्याण है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद नरहरि हीरालाल अमीन ने कहा कि ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव का असर वैश्विक स्तर पर पड़ रहा है। इसके बावजूद भारत की स्थिति मजबूत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के कारण देश में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है और पेट्रोल-डीजल जैसी चीजें भी सुचारू रूप से उपलब्ध हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए तुरंत समाधान करेगी।

महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सांसद मदन राठौर ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी हमेशा सरकार के खिलाफ बोलती हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि महंगाई में कमी आई है। उन्होंने दावा किया कि जीएसटी सुधारों के कारण रसोई से जुड़ी कई वस्तुएं सस्ती हुई हैं और बाजार में स्थिरता बनी हुई है।

दिल्ली में भाजपा सांसद अरुण गोविल ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ओवैसी एक शिक्षित और प्रभावशाली वक्ता हैं, लेकिन उनके कुछ बयान समझ से परे होते हैं। उन्होंने सीएपीएफ रेगुलेशन बिल का समर्थन करते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण विधेयक है, जिस पर चर्चा के बाद ही इसके सभी प्रावधान स्पष्ट हो पाएंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 April 2026 3:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story