लखनऊ अग्निकांड के बाद कानपुर में बड़ा एक्शन काकादेव के कई कोचिंग संस्थानों पर छापेमारी, 30 इमारतें सील
लखनऊ, 23 जून (आईएएनएस)। लखनऊ के अलीगंज में हुए कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शहर के प्रमुख शिक्षा केंद्र काकादेव क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया गया, जहां सैकड़ों छात्र विभिन्न कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई कर रहे थे। सुरक्षा मानकों और भवन नियमों के उल्लंघन की आशंका पर कई संस्थानों की जांच की गई और उनके खिलाफ कार्रवाई भी की गई।
छापेमारी के दौरान कई कोचिंग संस्थानों को खाली कराया गया। एक छात्र ने आईएएनएस से बताया कि उसके बैच में करीब 40 से 50 विद्यार्थी पढ़ते हैं। उसने कहा कि लखनऊ की घटना में बड़ा नुकसान हुआ है और ऐसी स्थिति में सभी कोचिंग संस्थानों के सुरक्षा मानकों की जांच होना बेहद जरूरी है।
वहीं एक छात्रा ने बताया कि उन्हें अचानक यह कहकर क्लास से निकाला गया कि कोचिंग को सील किया जा रहा है। उसने कहा कि उसके बैच में लगभग 60 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे थे। उसने कहा कि सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदम सही हैं और यदि किसी कोचिंग को सील किया जा रहा है तो कहीं न कहीं सुरक्षा मानकों में कमी जरूर रही होगी।
छात्र प्रतुमन यादव ने भी कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों में कमी के कारण ही कोचिंग संस्थान को सील किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जब संस्थान आवश्यक सुरक्षा दस्तावेज और मानकों को पूरा कर देंगे, तब उन्हें दोबारा खोला जा सकेगा।
इस पूरे अभियान पर जानकारी देते हुए केडीए सचिव अभय पांडे ने आईएएनएस से बताया कि लखनऊ की घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्राधिकरण क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कोचिंग संस्थान संचालित हो रहे हैं या बेसमेंट में किसी प्रकार की गतिविधियां चल रही हैं, वहां विशेष रूप से जांच की जा रही है।
अभय पांडे ने कहा कि सोमवार से अब तक करीब 30 इमारतों पर कार्रवाई की जा चुकी है। कई कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है, जबकि अन्य को नोटिस जारी किए गए हैं। चिह्नित भवनों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Jun 2026 4:02 PM IST












