मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता पर आए नौ लाख सुझाव चेतन कश्यप

मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता पर आए नौ लाख सुझाव  चेतन कश्यप
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप ने बताया है कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लिए जन सामान्य से सुझाव मांगे जा रहे हैं और अब तक नौ लाख से ज्यादा सुझाव आ चुके हैं। राज्य कैबिनेट की मंगलवार को बैठक हुई जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

भोपाल 23 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप ने बताया है कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लिए जन सामान्य से सुझाव मांगे जा रहे हैं और अब तक नौ लाख से ज्यादा सुझाव आ चुके हैं। राज्य कैबिनेट की मंगलवार को बैठक हुई जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

इस बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप ने बताया कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर अब तक नौ लाख से अधिक सुझाव दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें लगभग 90 प्रतिशत सुझावों में यूसीसी के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया है। साथ ही, इसका प्रारूप पांच जुलाई तक तैयार कर लिया जाएगा। दरअसल, मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार जुलाई में होने वाले विधानसभा के सत्र में इस प्रारूप को पेश करना चाहती है और उसी क्रम में आम जन से सुझाव भी आमंत्रित किए जा रहे हैं।

अभी हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मध्य प्रदेश प्रवास हुआ है, इसी की चर्चा करते हुए कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रवास पर मध्यप्रदेश आईं। इस दौरान उन्होंने सिकल सेल उन्मूलन अभियान में विशेष रुचि दिखाई। सिकल सेल विषय पर आयोजित विशेष सम्मेलन में इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। सम्मेलन में प्राप्त सुझावों और विचार-विमर्श के आधार पर अब इस अभियान को और अधिक प्रभावी तथा तीव्र गति से आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान कूनो नेशनल पार्क में चल रहे चीता संवर्धन अभियान का अवलोकन किया। साथ ही, उन्होंने वन्यजीव संरक्षण एवं चीता पुनर्स्थापन की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मंत्री चंदन कश्यप ने बताया कि कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान को विशेष महत्व देते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया है। उन्होंने आह्वान किया कि 25 से 30 जून तक प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में इस अभियान के अंतर्गत वृहद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही, अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों पर चर्चा करने तथा शेष लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

वहीं, ताजा आंकड़ों के अनुसार जल संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर है, जो प्रदेश के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। किसान सम्मान निधि के बारे में कैबिनेट में हुई बैठक का विवरण देते हुए मंत्री चेतन कश्यप ने बताया कि किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश के लगभग 81 लाख किसानों को 240 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। यह सहायता किसानों की आर्थिक सुदृढ़ता एवं कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहन प्रदान करने की दिशा में अति महत्वपूर्ण कदम है।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 Jun 2026 4:02 PM IST

Tags

Next Story