लखनऊ में भाजपा राज्य कार्यसमिति की बैठक, पार्टी नेता बोले- 'मिलेगा अमित शाह का मार्गदर्शन, 2027 में बनेगी सरकार'

लखनऊ में भाजपा राज्य कार्यसमिति की बैठक, पार्टी नेता बोले- मिलेगा अमित शाह का मार्गदर्शन, 2027 में बनेगी सरकार
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में शुक्रवार को लखनऊ में होने वाली भाजपा राज्य कार्यसमिति की बैठक को लेकर भाजपा नेताओं में उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अमित शाह का मार्गदर्शन हमारे लिए प्रेरणादायक होगा और भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी।

लखनऊ, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में शुक्रवार को लखनऊ में होने वाली भाजपा राज्य कार्यसमिति की बैठक को लेकर भाजपा नेताओं में उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अमित शाह का मार्गदर्शन हमारे लिए प्रेरणादायक होगा और भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अगुवाई में संगठन के खड़े होने के बाद भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की आज पहली बैठक हो रही है। अमित शाह की रणनीति से उत्तर प्रदेश में भाजपा विजयी रही है। हमें विश्वास है कि 2027 में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। आज की बैठक में उनका (अमित शाह) का संबोधन दूरगामी परिणाम देने वाला होगा।

बैठक को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "यह भारतीय जनता पार्टी की कार्यसमिति की बैठक है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जो हम सभी के लिए एक अभिभावक की तरह हैं, इस बैठक का उद्घाटन करेंगे और राज्य में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को नई ऊर्जा और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।"

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "समाजवादी पार्टी किसी मुगालते में न रहे। उत्तर प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है और 2027 के चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से जीतेगी।"

मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि आज कार्यसमिति की बैठक है और यह हमारा सौभाग्य है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन हमें मिलेगा। संभवत: आने वाले विधानसभा चुनाव में उनका यह मार्गदर्शन हमारे लिए प्रेरणादायक होगा और भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी।

मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने आईएएनएस से कहा, "देश के गृह मंत्री अमित शाह का भारतीय जनता पार्टी की राज्य कार्यसमिति की बैठक में आना पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएगा। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए एक व्यापक रणनीति बनाने पर भी चर्चा होगी, जिसका लक्ष्य उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाना है।"

राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा, "निश्चित रूप से आने वाला चुनाव सिर पर है और हमारी पार्टी शुरू से ही सिर्फ चुनाव में नहीं, हम तो पांचों साल लगातार काम करते रहते हैं और हमारी कार्यसमिति और हमारे संगठन की इतनी बड़ी बैठक है, तो आ रहे हैं। निश्चित ही उनका जो भी दिशा-निर्देश होगा, हम सभी उसका पालन करेंगे।"

भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने आईएएनएस से कहा, "हम सब में बहुत उत्साह है कि आज प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अमित शाह शामिल हो रहे हैं और यह सभी विधायकों, सभी सांसदों और सभी पार्टी के पदाधिकारियों के बीच आपस में कौतूहल का विषय है। हम सब बहुत उत्सुक भी हैं कि हम लोगों को उनका मार्गदर्शन मिलने वाला है और खासतौर से उस समय, जब हम लोग आगामी चुनाव की तैयारी कर रहे हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story