लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय घेरने निकले भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
लखनऊ, 22 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में उत्तर प्रदेश भाजपा ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय की ओर पैदल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया। भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई।
इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक तनाव का माहौल रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता वीवीआईपी गेस्ट हाउस के सामने एकत्र हुए और वहां से कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च शुरू किया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इससे नाराज कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और कांग्रेस तथा विपक्षी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
उधर, कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे रहे। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के विरोध में नारे लगाए। कई महिला कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से लाठियां लेकर कार्यालय परिसर में मौजूद रहीं। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता शांतिप्रिय है, लेकिन यदि कोई पार्टी कार्यालय पर हमला करने या डराने का प्रयास करेगा तो उसका जवाब देने के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार है।
इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को विरोध प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन यह संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के दायरे में होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र की मर्यादा का उल्लंघन किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन इसी के विरोध में आयोजित किया गया। भाजपा की ओर से जारी बयान में कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि देशहित और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बता दें कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने हाल ही में नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इसी के विरोध में उत्तर प्रदेश भाजपा ने लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय तक पैदल मार्च और विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 July 2026 5:19 PM IST












