लखनऊ में लगा विवादित पोस्टर, अखिलेश और आजम की तस्वीर पर लगाया क्रॉस, मुजफ्फरनगर दंगों का किया जिक्र

लखनऊ में लगा विवादित पोस्टर, अखिलेश और आजम की तस्वीर पर लगाया क्रॉस, मुजफ्फरनगर दंगों का किया जिक्र
चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज है। इस बीच शनिवार को लखनऊ में लगाया गया एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा गया है।

लखनऊ, 28 नवंबर (आईएएनएस)। चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज है। इस बीच शनिवार को लखनऊ में लगाया गया एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा गया है।

लखनऊ के बर्लिंगटन क्रॉसिंग पर एक राजनीतिक पोस्टर लगाया गया, जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री आजम खान की तस्वीरें थीं, जिन पर लाल रंग से क्रॉस का निशान बना हुआ था। पोस्टर में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री (दंगों के दौरान) और आजम खान को मुजफ्फरनगर के प्रभारी मंत्री (दंगों के दौरान) बताया गया है। साथ ही, इसमें लिखा है, मुजफ्फरनगर दंगों के दोषियों को मुसलमानों का नेता नहीं माना जा सकता।

पोस्टर के बीच में अल जजीरा की एक खबर का स्क्रीनशॉट लगाया गया है, जिसमें लिखा है कि राहत शिविरों में रह रहे भारतीय बच्चे ठंड से मर रहे हैं और मुजफ्फरनगर में दंगों के बाद के कुछ हफ्तों में करीब 30 बच्चों की कड़ाके की ठंड से मौत होने का भी जिक्र है। होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में लिखा है कि मुजफ्फरनगर दंगों के कातिल मुसलमानों के लीडर नहीं हो सकते। नीचे 'समस्त अब्दुल समाज उत्तर प्रदेश' लिखा हुआ है। यह पोस्टर आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुस्लिम वोट बैंक को लेकर चल रही सियासत से जुड़ा माना जा रहा है।

मुजफ्फरनगर दंगा उत्तर प्रदेश के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक माना जाता है। साल 2013 में हुए इस दंगे में बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर छोड़कर राहत शिविरों में रहना पड़ा था। ठंड और अव्यवस्था के कारण शिविरों में बच्चों की मौत की खबरों ने उस समय देशभर में चिंता पैदा कर दी थी। अब चुनावी माहौल में एक बार फिर उस घटना का जिक्र कर राजनीतिक निशाना साधा जा रहा है।

हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह पोस्टर किसने और किस संगठन की ओर से लगाया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story