लखनऊ मंदिर में चोरी का खुलासा 3 शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी, धार्मिक वस्तुएं और बाइक बरामद

लखनऊ मंदिर में चोरी का खुलासा 3 शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी, धार्मिक वस्तुएं और बाइक बरामद
राजधानी लखनऊ के महानगर क्षेत्र स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, सफेद धातु के टुकड़े, पीतल की धार्मिक वस्तुएं, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

लखनऊ, 15 अगस्त (आईएएनएस)। राजधानी लखनऊ के महानगर क्षेत्र स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, सफेद धातु के टुकड़े, पीतल की धार्मिक वस्तुएं, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान (33), मोहम्मद आदिल (22) और विजय मौर्य उर्फ नाटू (24) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

महानगर थाना क्षेत्र के न्यू हैदराबाद निवासी प्रदीप कुमार शर्मा ने 3 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि पंचमुखी हनुमान मंदिर में भगवान की मूर्तियों पर लगे आभूषण और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। इस शिकायत पर महानगर थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही थी।

पुलिस टीम को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर शक्ति वन, अकबरनगर बंधा रोड के पास आने वाले हैं और किसी अन्य चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान काले और लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने पंचमुखी हनुमान मंदिर और गुडम्बा क्षेत्र के पीपलेश्वर महादेव मंदिर में चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की।

आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों रमजान, नौसाद और सद्दाम के साथ मिलकर पंचमुखी हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट, चांदी का छत्र और अन्य सामान चोरी किया था। साथ ही गुडम्बा के एक अन्य मंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34,000 रुपए नकद, 196 ग्राम सफेद धातु का टुकड़ा, पीतल का बड़ा गदा, पीतल का छोटा गदा, पीतल का त्रिशूल, चोरी में इस्तेमाल किए गए लोहे के औजार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी रिजवान एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ बहराइच और लखनऊ में चोरी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद आदिल और विजय मौर्य के खिलाफ भी महानगर और गुडम्बा थानों में मंदिर चोरी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई को थाना महानगर पुलिस की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे गिरोह की गतिविधियों की जांच की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Aug 2026 11:30 PM IST

Tags

Next Story