पुणे स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कारोबार का भंडाफोड़, 4 महिलाओं को कराया गया मुक्त

पुणे स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कारोबार का भंडाफोड़, 4 महिलाओं को कराया गया मुक्त
पुणे पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चलाए जा रहे कथित अनैतिक मानव तस्करी और देह व्यापार के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस दौरान चार महिलाओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जबकि स्पा मालिक, मैनेजर समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

पुणे, 15 अगस्त (आईएएनएस)। पुणे पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चलाए जा रहे कथित अनैतिक मानव तस्करी और देह व्यापार के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस दौरान चार महिलाओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जबकि स्पा मालिक, मैनेजर समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर परिमंडल-6 के अंतर्गत मांजरी-मुंढवा तथा हडपसर-कालेपडाल पुलिस की संयुक्त टीमों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद दोनों टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर यह कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई मांजरी पुलिस थाना क्षेत्र के शेवालेवाड़ी स्थित निर्वाण स्पा में की गई। मांजरी और मुंढवा पुलिस की संयुक्त टीम ने यहां छापा मारकर तीन पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला।

इस मामले में मांजरी पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पा मालिक सेबू उर्फ शेखर मुबारक अली शेख, निवासी धायरेकर कॉलोनी, मुंढवा, पुणे को गिरफ्तार किया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, एटीएम स्वाइप मशीन, फोन-पे स्कैनर और अन्य सामग्री समेत करीब 95,500 रुपए का सामान जब्त किया।

जांच के दौरान पुलिस ने स्पा के मैनेजर इबादुल अनवर हुसैन (19), निवासी जिला होजाई, असम, के खिलाफ भी कार्रवाई की। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, फोन-पे स्कैनर व अन्य सामान समेत करीब 70,330 रुपए मूल्य का सामान जब्त किया गया।

इसके अलावा अरमान रहमतअली खान (20), वर्तमान निवासी मच्छी मार्केट, येरवडा, पुणे को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी जांच शुरू की है।

दूसरी कार्रवाई हडपसर थाना क्षेत्र के तुपे कैपिटल, डीपी रोड स्थित अरमानी स्पा में की गई। हडपसर और कालेपडाल पुलिस की संयुक्त टीम ने यहां छापा मारकर एक पीड़ित महिला को मुक्त कराया। इस मामले में हडपसर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुक्त कराई गई चारों महिलाओं की पहचान गोपनीय रखी है। महिलाओं को आवश्यक काउंसलिंग, सुरक्षा और पुनर्वास की प्रक्रिया के तहत रेस्क्यू फाउंडेशन में सुरक्षित रखा गया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित महिलाओं की पहचान किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक नहीं की जाएगी। साथ ही उनके पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

मांजरी पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बाबासाहेब निकम कर रहे हैं, वहीं हडपसर पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले की जांच पुलिस निरीक्षक (क्राइम) निलेश जगदाले के नेतृत्व में की जा रही है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे गिरोह की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी हुई है।

पुणे पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास महिलाओं या लड़कियों के शोषण, मानव तस्करी या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए पुणे पुलिस प्रतिबद्ध है तथा ऐसे गैरकानूनी कार्यों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, पुलिस सह आयुक्त संजय दराडे, अपर पुलिस आयुक्त (पूर्व प्रादेशिक विभाग) मनोज पाटील और पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-6) जीवन बेनिवाल के मार्गदर्शन में मांजरी, मुंढवा, हडपसर और कालेपडाल पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा की गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Aug 2026 11:30 PM IST

Tags

Next Story