लखनऊ पत्नी को पिस्टल दिखाते समय युवक ने खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

लखनऊ पत्नी को पिस्टल दिखाते समय युवक ने खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत
राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नशे में अवैध पिस्टल से खेल रहे 29 वर्षीय युवक की खुद को गोली मारने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अवैध हथियार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ, 16 सितंबर (आईएएनएस)। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नशे में अवैध पिस्टल से खेल रहे 29 वर्षीय युवक की खुद को गोली मारने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अवैध हथियार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के महिपाल खेड़ा चौकी सरसवां का है। मृतक की पहचान यसार्थ शरण यादव (29) पुत्र शिव शरण यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 11 बजे थाना सुशांत गोल्फ सिटी पर सूचना मिली कि एक युवक ने अपने घर में खुद को गोली मार ली है।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद परिजनों ने पुलिस को बताया कि यसार्थ शरण यादव कहीं से एक अवैध पिस्टल लेकर घर आया था। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। घर आकर वह अपनी पत्नी को पिस्टल दिखा रहा था। पिस्टल दिखाने के दौरान उसकी मैगजीन नीचे गिर गई।

परिजनों के मुताबिक, मैगजीन निकलने के बाद भी पिस्टल के चैंबर में एक कारतूस फंसा हुआ था, लेकिन युवक को लगा कि मैगजीन निकलने के बाद पिस्टल से फायर नहीं होगा। इसी गलतफहमी में वह पिस्टल को अपनी कनपटी पर सटाकर कहने लगा कि "मैगजीन निकल गई है, कुछ नहीं होगा" और उसने ट्रिगर दबा दिया। ट्रिगर दबाते ही चैंबर में फंसे कारतूस से गोली चल गई और सीधे उसकी कनपटी में जा लगी।

गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे सिविल हॉस्पिटल, हजरतगंज लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके से अवैध पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है, जिसे कब्जे में लेकर सुरक्षित रख लिया गया है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक के पास अवैध पिस्टल कहां से आई थी। इसके लिए उसके संपर्कों और हाल की गतिविधियों की जांच की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Sept 2026 12:08 PM IST

Tags

Next Story