भगवती के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी को केंद्रीय मंत्री गडकरी और सीएम योगी समेत कई नेताओं ने किया नमन

भगवती के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी को केंद्रीय मंत्री गडकरी और सीएम योगी समेत कई नेताओं ने किया नमन
शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं की ओर से शुभकामनाएं दी गई हैं।

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं की ओर से शुभकामनाएं दी गई हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "आज नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी के विशेष पूजा और उपासना का दिन है। उन्हें कोटि-कोटि वंदन। मां ब्रह्मचारिणी संयम, अनुशासन और तप का प्रतीक है। देवी मां सभी को धैर्य और सामर्थ्य प्रदान करें।"

केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री और बिजली मंत्री मनोहर लाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "मां भगवती के द्वितीय स्वरूप तथा सौभाग्य, शांति और संयम प्रदान करने वाली मां ब्रह्मचारिणी के चरणों में कोटि-कोटि नमन एवं वंदन अर्पण करता हूं। देवी मां की कृपा से समस्त श्रद्धालुओं के जीवन में सफलता के नए द्वार खुलें एवं हर घर-आंगन सुख, समृद्धि और मंगलमय ऊर्जा से आलोकित हो, यही प्रार्थना है।"

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "शारदीय नवरात्रि के द्वितीय दिवस मां ब्रह्मचारिणी की अर्चना का महत्व है। तप व सदाचार की देवी, मां ब्रह्मचारिणी, आप सभी भक्तजनों का कल्याण करें।"

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर लिखा, "शारदीय नवरात्र के पावन द्वितीय दिवस आदिशक्ति, जगत जननी मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी के चरणों में प्रणाम और यही प्रार्थना कि हे मैया सबका कल्याण हो, जगत में त्याग, सदाचार और संयम बढ़े। चारों ओर खुशहाली और आनंद का वास हो, सबकी मनोकामनाएं पूरी हों।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जगत जननी मां भगवती के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी को कोटि-कोटि नमन। तप, त्याग और संयम की अधिष्ठात्री मां की कृपा से सभी के जीवन में धैर्य एवं सदाचार का संचार हो, यही प्रार्थना है।"

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "तप, संयम और त्याग का वरदान प्रदान करने वाली मां ब्रह्मचारिणी देवी के चरणों में प्रणाम करता हूं। आपकी कृपा सभी पर बनी रहे। सेवा भाव एवं परस्पर सहयोग से मानवता का कल्याण हो, यही प्रार्थना है।"

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मां ब्रह्मचारिणी की असीम कृपा से सभी के जीवन में श्रद्धा, शक्ति और सकारात्मकता बनी रहे। मां का दिव्य आशीर्वाद हर घर में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली लाए और सभी को अपने लक्ष्य प्राप्त करने की शक्ति प्रदान करे। शारदीय नवरात्रि के द्वितीय दिवस की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने लिखा, "शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की उपासना से तप, त्याग, वैराग्य, सदाचार और संयम की भावना प्रबल होती है। मां ब्रह्मचारिणी से प्रार्थना है कि उनकी कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर सदा बनी रहे।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "नवरात्रि के पावन द्वितीय दिवस पर मां आदिशक्ति के तपस्विनी स्वरूप, मां ब्रह्मचारिणी के श्रीचरणों में कोटि-कोटि वंदन। तप, त्याग, संयम और साधना की साक्षात प्रतिमूर्ति मां ब्रह्मचारिणी की असीम कृपा हम सभी पर बनी रहे। मां की दिव्य कृपा से हर मन में श्रद्धा, हर हृदय में भक्ति और हर जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Oct 2026 8:13 AM IST

Tags

Next Story