'मां का सम' पर बोलीं मोना सिंह- पहले भी निभाए हैं मां के किरदार, मगर ये बेहद खास
मुंबई, 1 अप्रैल (आईएएनएस) अभिनेत्री मोना सिंह अपनी अपकमिंग सीरीज ‘मां का सम’ की रिलीज के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस दौरान उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपनी मां के दर्द को महिमामंडित न करें, बल्कि उनकी भी एक दुनिया है, उसे समझने की कोशिश करें।
इस सीरीज में अभिनेत्री विनीता का किरदार निभा रही हैं, जो एक आधुनिक सिंगल मदर है और अपनी शर्तों पर प्यार, जिंदगी और खुद की खोज के सफर पर है।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह जरूरी है, खासकर युवा दर्शकों के लिए, कि वे अपनी मां को सबसे पहले एक इंसान के तौर पर देखें। उनके भी सपने, भावनाएं और एक ऐसी जिंदगी होती है, जो सिर्फ एक माता-पिता होने से कहीं आगे होती है। अगर यह कहानी लोगों को इस बात को थोड़ा और समझने और स्वीकार करने में मदद कर सके, तो मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छी सीख होगी।”
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री ने बताया, “मैंने पहले भी मां के किरदार निभाए हैं, लेकिन विनीता का किरदार मुझे बहुत अलग लगा। उसे उस ‘परफेक्ट’ और ‘बलिदान देने वाली’ मां के रूप में नहीं लिखा गया है, जैसा हम सालों से देखते आ रहे हैं। लंबे समय से हमने मां को एक ऊंचे दर्जे पर बिठा रखा है, जहां उनकी पूरी पहचान सिर्फ ‘देने और देने’ तक ही सीमित होती है। लेकिन विनीता इस सोच को तोड़ती है। हां, वह एक मां है, लेकिन वह एक ऐसी महिला भी है जिसकी अपनी जिंदगी, अपनी पसंद और अपनी इच्छाएं हैं। उसे एक साथी की जरूरत है, वह डेटिंग के लिए भी तैयार है और वह अपनी शर्तों पर अपनी जिंदगी के फैसले ले रही है। इसी ईमानदारी ने मुझे इस किरदार की ओर सबसे ज्यादा आकर्षित किया, यह किरदार बहुत सच्चा और आज के जमाने का लगा।”
यूनोइया फिल्म्स के बैनर तले बबीता आशिवाल निर्मित ‘मां का सम’ में मोना सिंह के साथ मिहिर आहूजा, अंगिरा धर और रणवीर बरार भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह सीरीज 3 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर हिंदी में रिलीज होगी, जिसके साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सबटाइटल भी उपलब्ध होंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 11:43 PM IST












