मध्य प्रदेश घरेलू विवाद के बाद 33 केवी बिजली लाइन पर चढ़ा व्यक्ति, गांव में मचा हड़कंप

भोपाल, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की इछावर तहसील के ग्राम जमोनिया हते सिंह में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शख्स घरेलू विवाद के चलते 33 केवी बिजली लाइन के खंभे पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जबकि विद्युत विभाग के कर्मचारियों को युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपने घरेलू विवाद से जुड़ी मांगों को मनवाने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़ गया था। जब स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो उसने नीचे उतरने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामले की जानकारी बिजली विभाग और प्रशासन को दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए और युवक को समझाकर नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए। काफी देर तक चले समझाइश और प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित नीचे लाने में सफलता मिली।
इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। युवक के हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ने से लोगों की सांसें अटकी रहीं। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि खंभे पर लगी लाइन में बिजली नहीं थी और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
बता दें कि घरेलू विवाद या अन्य मांगों को लेकर इस तरह हाईटेंशन बिजली के खंभों पर चढ़ना बेहद खतरनाक है। ऐसे कदम न केवल संबंधित व्यक्ति की जान को जोखिम में डालते हैं, बल्कि बिजली विभाग के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
प्रशासन की तरफ से आम लोगों से हाईटेंशन बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखने की अपील की जाती रही है, क्योंकि हाईटेंशन तार बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
