मध्य प्रदेश मंदसौर में ट्रक के पीछे जा घुसी कार, चार की मौत, दो घायल

मध्य प्रदेश मंदसौर में ट्रक के पीछे जा घुसी कार, चार की मौत, दो घायल
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक कार ट्रक के पीछे जा घुसी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

मंदसौर, 25 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक कार ट्रक के पीछे जा घुसी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी कार से दिल्ली की ओर जा रहे थे। कार में छह लोग सवार थे। इसी दौरान मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद करीब एक घंटे तक सभी लोग कार में फंसे रहे। आसपास से गुजर रहे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने रुककर राहत कार्य शुरू किया तथा काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस हादसे के मृतकों की पहचान रविंद्र काले, सचिन गंगाधर, राजेंद्र कोवडे और संदीप के तौर पर हुई है। सभी औरंगाबाद के निवासी बताए गए हैं। इस हादसे में घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है, वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।

बताया गया है कि कार में सवार ये लोग औरंगाबाद से दिल्ली मोबाइल इक्विपमेंट का सामान लेने जा रहे थे। इस दौरान सीतामऊ के नजदीक तितरोद में हादसे के शिकार हो गए। हादसे के शिकार लोगों के परिजनों को प्रशासन ने सूचना दे दी है। सभी मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Jun 2026 3:27 PM IST

Tags

Next Story