मध्य प्रदेश में क्रूज संचालन पर रोक, सुरक्षा मानकों की जांच के बाद शुरू होगी सेवा पर्यटन मंत्री
भोपाल, 1 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के जबलपुर में बरगी बांध हादसे के बाद सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। राज्य के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी के अनुसार राज्य में क्रूज संचालन पर रोक लगा दी गई है। उनका कहना है कि जबलपुर हादसा अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। रात से ही मुख्यमंत्री मोहन यादव लगातार स्वयं रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के साथ स्थानीय जन प्रतिनिधि, प्रशासन की पूरी टीम और मैं भी घटनास्थल पर उपस्थित रहा, हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि प्रदेश में क्रूज संचालन पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा मानकों की विस्तृत टेक्निकल जांच के बाद ही संचालन प्रारंभ किया जाएगा। दरअसल गुरुवार को नर्मदा नदी पर स्थित बरगी बांध में तेज हवाओं के बीच घिरा क्रूज डूब गया था। इस क्रूज में बड़ी संख्या में पर्यटक सवार थे। रेस्क्यू टीम ने क्रूज को काटकर लोगों को निकाला। 29 पर्यटकों को बचा लिया गया है। 9 शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसे की जांच के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जांच के आदेश दिए हैं।
राहत और बचाव कार्य में पर्यटकों की जान बचाने वालों को सरकार सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री यादव ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बरगी क्रूज हादसे को लेकर कहा कि बरगी बांध में हुआ हादसा चक्रवात की वजह से हुआ है। उसकी विस्तृत जानकारी जांच रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगी।
यादव ने कहा कि इस हादसे में मन को बेहद दुख पहुंचा। दुर्घटना में रेस्क्यू टीम के जिन सदस्यों ने लोगों को पानी से निकाला, उनका 15 अगस्त को सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 May 2026 7:37 PM IST












