मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार को राजनीतिक सरंक्षण, सरकार ने साध रखी है चुप्पी माकपा

भोपाल, 28 अक्टूबर (आईएएनएस) l मध्य प्रदेश के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा नगरीय निकायों में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर दिए गए बयान के बाद राज्य की सियासत गरमाई हुई है l मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का कहना है कि इस भ्रष्टाचार के लिए सिर्फ नौकरशाही ही जिम्मेदार नहीं है बल्कि इसमें राजनीतिक संरक्षण की भी बड़ी भूमिका है l
दरअसल, एसीएस रैंक के अधिकारी द्वारा नगरनिकायों के अधिकारियों के कार्यक्रम में नगरीय निकाय में हो रही खरीदी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार को लेकर आंकड़े भी दिए थे और यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ l उसके बाद से सरकार भी कई अधिकारियों पर कार्रवाई कर रही है l
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि भाजपा की आंतरिक प्रतिद्वंदता से लीक हुए इस वीडियो को अब दबाने और लीपापोती करने की साजिशें हो रही हैं l वही अधिकारी जिसने कहा था कि अगले साल से यह हुआ तो माफ नहीं किया जाएगा, अब कह रहा है कि 139 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है लेकिन उनके सामाजिक सम्मान के कारण उनके नाम उजागर नहीं किए जा सकते हैं l
माकपा नेता ने कहा है कि जो भाजपा सरकार बिजली बिल के लेट होने या जमा न कर पाने के कारण सभ्य नागरिकों के घरों पर नोटिस चस्पा कर देता है, कुर्कियां कर देता है l सामान्य से अपराध में गरीबों के घरों पर बुलडोजर चला देता है , उसे भ्रष्टाचारियों की सामाजिक प्रतिष्ठा और सम्मान की चिन्ता हो रही है l इससे साफ हो जाता है कि भाजपा की सरकार किसकी सरकार है l
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की राशि को 250 करोड़ बताना भी संदेह पैदा करता है क्योंकि यदि 5 रुपये की फिनाइल 33 हजार रुपये और 350 की एल ई डी 11500 रुपये में और 2 लाख की कचरा गाड़ी 6 लाख रुपये में खरीदी गई है तो 11 हजार करोड़ की खरीदी में सिर्फ 250 करोड़ का भ्रष्टाचार कैसे हो सकता है l
माकपा नेता ने कहा है कि भ्रष्टाचार के इस मामले पर मुख्यमंत्री, संबधित मंत्री और भाजपा की चुप्पी भी संदेह पैदा करती है l वे जानते हैं कि भ्रष्टाचार की इस गंगा में नौकरशाही के साथ ही भाजपा नेताओं और मंत्रियों ने भी डुबकी लगाई है l मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की मांग है कि भ्रष्टाचार के सारे साक्ष्य सार्वजनिक किए जाने चाहिए और उन लोगों के नाम भी सार्वजनिक किए जाएं, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई है l
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
