Holi 2026: मध्य प्रदेश में हर तरफ छाया होली का रंग
भोपाल 4 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में रंगों का पर्व होली धूमधाम से मनाया जा रहा है। सियासी गलियारों से लेकर गली मोहल्ला तक हर तरफ होली का रंग उड़ रहा है।
होलिका दहन सोमवार की शाम को किया गया था मगर मंगलवार को चंद्र ग्रहण होने के कारण होली बुधवार को खेली जा रही है। राजधानी में मुख्यमंत्री के आवास पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फूलों से होली खेली।
मंत्रिमंडल के सदस्यों से लेकर भाजपा के नेता और अधिकारी मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे जहां सभी ने जमकर होली खेली। गीत संगीत पर लोग खूब थिरके भी और एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली मनाई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस अवसर पर सभी को होली की शुभकामनाएं दी और राज्य की प्रगति तथा आम आदमी की खुशहाली की भी कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पर फूलों की बरसात कर होली खेली, तो वहीं मुख्यमंत्री ने भी वहां पहुंचे लोगों पर फूलों की वर्षा की। साथ ही, यहां गूंजते होली के गीत एक अद्भुत नजारा पेश करने वाले रहे।
वहीं प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने समर्थकों के साथ होली मनाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह होली आपके जीवन में खुशियों के नए रंग भर दे, हर घर में सुख-समृद्धि और शांति का वास हो, और आपके परिवार में प्रेम, विश्वास और आपसी सद्भाव की मिठास बनी रहे।
इसी तरह राज्य के हर हिस्से में होली की धूम है। हुरियारों की टोली घूम रही है और वे सभी को रंग से सराबोर कर रहे हैं। हर तरफ होली के गीत और संगीत गूंज रहे हैं और संगीत की धुन पर खूब थिरक रहे हैं, साथ में अबीर-गुलाल के साथ रंग भी उड़ा रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 March 2026 11:39 AM IST











