मध्य प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य मोहन यादव

मध्य प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य  मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य के किसानों की आय बढ़े और युवाओं को रोजगार मिले, इस लक्ष्य को लेकर सरकार चल रही है।

भोपाल, 11 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य के किसानों की आय बढ़े और युवाओं को रोजगार मिले, इस लक्ष्य को लेकर सरकार चल रही है।

मुख्यमंत्री यादव ने कार्यक्रम के दौरान सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेती और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्राकृतिक खेती, पशुपालन और बहुफसली खेती को बढ़ावा देना आवश्यक है। रासायनिक खाद के दुष्प्रभावों को समझते हुए भूमि की उर्वरता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देना होगा। प्राकृतिक खेती के मामले में मध्य प्रदेश देश में अग्रणी है। प्रदेश में लगभग 52 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा रही है।

उन्होंने कहा कि खेती की समृद्धि के लिए सिंचाई सबसे महत्वपूर्ण है। मध्य प्रदेश में सिंचाई का रकबा पहले 7.5 लाख हेक्टेयर था, जो बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हुआ और अब लगभग 60 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। इसके साथ ही किसानों को पर्याप्त बिजली और गांवों तक सड़क सुविधा उपलब्ध कराने पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के सहयोग से केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को गति मिली है। इनसे मध्य प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान और बुंदेलखंड के सूखाग्रस्त क्षेत्रों को भी सिंचाई एवं पेयजल का लाभ मिलेगा।

राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जिक्र करते हुए मोहन यादव ने कहा कि चाहे दूध का उत्पादन हो, खेती की फसलें हों या उद्यानिकी के अंतर्गत आने वाली सब्जियां और अन्य उत्पाद, हम इन सभी क्षेत्रों में फूड प्रोसेसिंग इकाइयों को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके लिए राज्य में तेजी से भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। बिजली की दरों में छूट, रजिस्ट्री शुल्क में रियायत और उद्योगों को 70 प्रतिशत तक अनुदान देने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि मालवा से लेकर निमाड़ तक के आदिवासी अंचल में लगभग छह लाख किसान कपास का उत्पादन करते हैं। इसलिए हमने यहां कपास से धागा बनाने, कपड़ा तैयार करने और तैयार कपड़े के निर्यात तक की पूरी व्यवस्था विकसित करने के लिए देश की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक परियोजना शुरू की है। इससे कारखानों में लगभग तीन लाख लोगों को रोजगार मिलेगा और छह लाख कपास उत्पादक किसानों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा। साथ ही, प्रदेश में उन्नत किस्म के कपास का उत्पादन भी बढ़ेगा।

राज्य में पूर्व में बंद हुए उद्योगों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि आजादी से पहले मालवा, इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर जैसे शहरों में बड़े-बड़े उद्योग हुआ करते थे। लेकिन समय के साथ नई तकनीक नहीं अपनाने के कारण धीरे-धीरे ये उद्योग बंद होते गए। आज स्थिति यह है कि मध्य प्रदेश में उत्पादित कपास तमिलनाडु के कोयंबटूर और मद्रास जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में जाता है, जहां उससे कपड़ा तैयार किया जाता है।

राज्य में हो रहे औद्योगीकरण और रोजगार के विषय पर मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि केवल मशीन आधारित उद्योग स्थापित करने से काम नहीं चलेगा। उद्योगों से लोगों को रोजगार भी मिलना चाहिए। मशीनों से उद्योगपति की कमाई बढ़ सकती है, लेकिन हमें यह भी सुनिश्चित करना है कि आम लोगों को रोजगार के अवसर मिलें और उनकी जिंदगी बेहतर बने।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story