मध्य प्रदेश में पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा सीएम मोहन यादव

मध्य प्रदेश में पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा  सीएम मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने धनतेरस के पावन अवसर एवं आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि की जयंती के शुभ पर्व पर भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

भोपाल, 6 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने धनतेरस के पावन अवसर एवं आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि की जयंती के शुभ पर्व पर भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री यादव ने भगवान धन्वंतरि से समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, आरोग्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली का वास बनाए रखने की प्रार्थना की। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने धनतेरस की बधाई देते हुए कहा कि राज्य में एलोपैथी के साथ आयुर्वेदिक और होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति को जोड़कर हमारी पारंपरिक पद्धति को भी बढ़ावा दिया है। उन्होंने वीडियो संदेश में कहा कि पांच दिवसीय दीपोत्सव का पर्व धनतेरस से आरंभ होता है। आज के दिन भगवान धन्वंतरि का पूजन किया जाता है। हमारे लिए सबसे बड़ा धन निरोग रहना है, इसीलिए सबसे बड़ा सुख निरोगी काया माना जाता है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एलोपैथी के साथ आयुर्वेदिक और होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति को जोड़कर हमारी पारंपरिक पद्धति को भी बढ़ावा दिया गया है। आयुष विभाग के माध्यम से हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति को सम्मान मिल रहा है।

वहीं, मीडिया से बातचीत में राज्य की स्वामित्व योजना का जिक्र करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज के समय में ग्रामों में मकान बनाने के लिए लोग लाखों रुपए की अपनी पूंजी लगाते हैं। ऐसे में हमारी सरकार ने स्वामित्व योजना के तहत उनके आवास की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार द्वारा इस योजना को अभियान के रूप में लिया गया है। इससे ग्रामीणजन अपने मकान के दस्तावेजों के आधार पर बैंक से आवश्यकता के अनुसार ऋण ले सकते हैं। इस योजना से लाभान्वित हो रहे सभी लाभार्थियों को मैं बधाई देता हूं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ग्रामीणों ने गांव के अंदर, चाहे वह गोचर की भूमि हो या सरकारी भूमि हो और उस पर मकान बनाया है तो उसके रजिस्ट्रीकरण का काम राज्य सरकार ने शुरू किया है। इसके जरिए संबंधित व्यक्ति गांव के अलावा शहर में मकान बनाने के लिए कर्ज ले सकता है। उसके परिवार का सदस्य कोई धंधा आदि करना चाहता है तो उसके लिए कर्ज ले सकता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story