महाराष्ट्र एटीएस की पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क के 102 ठिकानों पर कार्रवाई

महाराष्ट्र एटीएस की पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क के 102 ठिकानों पर कार्रवाई
महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) ने शुक्रवार सुबह 7 बजे से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में आए संदिग्धों के खिलाफ एक बड़ा तलाशी और पूछताछ अभियान चलाया।

मुंबई, 10 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) ने शुक्रवार सुबह 7 बजे से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में आए संदिग्धों के खिलाफ एक बड़ा तलाशी और पूछताछ अभियान चलाया।

एटीएस की 14 यूनिटों की 58 टीमों द्वारा कुल 102 ठिकानों पर एक साथ यह कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि शहजाद भट्टी सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसा रहा है।

शुरुआती जांच के अनुसार, शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी आबिद जाट, अजमल गुजर, और हम्माद मेमन जैसे अन्य साथी फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए युवाओं से संपर्क साध रहे हैं।

यह गैंग धार्मिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील मुद्दों का सहारा लेकर युवाओं का ब्रेनवॉश करने और उन्हें देश के खिलाफ भड़काने की कोशिश कर रहा है।

बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को पैसों का लालच देकर इस देश विरोधी नेटवर्क और स्लीपर सेल्स में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस नेटवर्क का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर एजेंट तैयार करना, खुफिया जानकारी जुटाना, ड्रग्स की तस्करी करना और अवैध हथियारों की सप्लाई करना है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र एटीएस ने नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी अजनबी या संदिग्ध व्यक्ति से संपर्क न बढ़ाएं।

अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने बच्चों की इंटरनेट आदतों और सोशल मीडिया गतिविधियों पर पैनी नजर रखें और व्यवहार में बदलाव दिखने पर तुरंत सूचित करें।

एटीएस ने युवाओं को सोशल मीडिया पर कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के लालच और ऑफर्स से दूर रहने की चेतावनी दी है, क्योंकि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकते हैं।

पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर देश की कानून-व्यवस्था और अखंडता को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने और उसे आगे फॉरवर्ड न करने की अपील की है।

महाराष्ट्र पुलिस और आतंकवाद निरोधी दस्ते ने स्पष्ट किया है कि राज्य की शांति और सुरक्षा से समझौता करने वाले किसी भी देश विरोधी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 July 2026 6:58 PM IST

Tags

Next Story