महाराष्ट्र दौंड में महिला पर जानलेवा हमला, पति व उसके दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज
दौंड, 21 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के दौंड शहर के डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में 25 वर्षीय महिला पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर उसके पति और उसके एक मित्र के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियांका उमेश गायकवाड़ (उम्र 25 वर्ष, निवासी गजानन सोसायटी, दौंड) ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में विशाल प्रकाश जाधव (निवासी गोवागल्ली, दौंड) और ऋषी अशोक डोके (निवासी वडारपुर, तहसील मुर्तिजापुर, जिला अकोला) शामिल हैं।
घटना 19 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। पीड़िता अपने बच्चे और एक सहेली के साथ स्कूटी से जा रही थी, तभी आरोपी मोटरसाइकिल पर उनका पीछा करते हुए आए। 'दो मिनट बात करनी है' कहकर वे महिला को डिफेंस कॉलोनी के एक सुनसान स्थान पर ले गए।
इसके बाद आरोपी ऋषी डोके ने महिला को जबरदस्ती पकड़कर उसका मुंह दबाने का प्रयास किया। उसी दौरान आरोपी विशाल जाधव ने चाकू निकालकर 'आज जिंदा नहीं छोड़ेंगे' कहकर महिला के गले पर वार किया। इस हमले में महिला के गले पर गंभीर चोट आई।
महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद कुछ युवक मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पुलिस भी वहां आती दिखी, जिससे दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल महिला ने पुलिस से मदद मांगी। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे पहले महालक्ष्मी अस्पताल और बाद में पिरामिड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि पीड़िता का विवाह वर्ष 2018 में आरोपी विशाल जाधव से हुआ था, लेकिन उसके शराब की लत के कारण दोनों के बीच विवाद होते रहे और वर्ष 2022 से दोनों अलग रह रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Aug 2026 11:47 PM IST












