महाराष्ट्र डोंबिवली में कॉलेज की चौथी मंजिल से कूदकर चपरासी ने की आत्महत्या
डोंबिवली, 7 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित डोंबिवली पूर्व में गुरुवार दोपहर एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। दत्तनगर इलाके में स्थित प्रगति कॉलेज में कार्यरत लाइब्रेरी के एक चपरासी ने इमारत की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। यह पूरी घटना कॉलेज के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मृतक की पहचान ठाकुर्ली के खंबालपाड़ा इलाके के निवासी प्रवीण चौधरी (42) के रूप में हुई है। पिछले कई वर्षों से वह प्रगति कॉलेज में काम कर रहे थे।
गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे प्रवीण चौधरी अपने माता-पिता के साथ किसी कारणवश कॉलेज में प्राचार्य से चर्चा करने पहुंचे थे। प्राचार्य के कार्यालय में बातचीत चल रही थी, तभी अचानक वे वहां से उठकर कॉलेज की चौथी मंजिल की बालकनी की ओर दौड़े और देखते ही देखते नीचे कूद गए। घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू कर दी।
रामनगर पुलिस के अनुसार, प्रवीण चौधरी का स्वभाव कुछ गर्म मिजाज का बताया जा रहा है और उनके कामकाज के व्यवहार को लेकर कॉलेज प्रशासन की ओर से पहले भी कई बार उन्हें समझाया गया था। इसी संबंध में चर्चा के लिए उनके परिवार को कॉलेज बुलाया गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बातचीत के दौरान उन्हें अचानक गुस्सा आया और उन्होंने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 March 2026 5:38 PM IST












