टीचिंग क्षेत्र में करियर बनाने का मौका, असिस्टेंट प्रोफेसर सहित 92 पदों पर भर्ती, 15 अप्रैल से पहले करें आवेदन
वाराणसी, 16 मार्च (आईएएनएस)। शैक्षणिक क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वालों के लिए शानदार मौका सामने आया है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी (एमजीकेवीपी) ने असिस्टेंट प्रोफेसर सहित कुल 92 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एमजीकेवीपी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना एप्लीकेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एमजीकेवीपी ने टीचिंग स्टाफ के जिन 92 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें प्रोफेसर के 14, एसोसिएट प्रोफेसर के 14 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 64 पद शामिल हैं। वहीं, आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास यूजीसी (शिक्षकों की नियुक्ति के लिए न्यूनतम योग्यता) विनियम 2018, उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 (संशोधित), और उत्तर प्रदेश लोक सेवा (ट्रिब्यूनल) नियम (संशोधित) के अनुसार शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए।
अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 62 साल निर्धारित की गई है। वहीं, आरक्षित वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय कैंडिडेट्स को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 2,500 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति श्रेणी के कैंडिडेट्स के लिए 2,000 रुपए तय किया गया है।
योग्य कैंडिडेट का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 57,700 से 144,200 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले एमजीकेवीपी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से संबंधित सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर, फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। आवेदन शुल्क का भुगतान करें। फिर, फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में, एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
वहीं, उम्मीदवारों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, सहायक दस्तावेजों सहित, स्पीड पोस्ट के माध्यम से 25 अप्रैल से पहले विश्वविद्यालय को भेजनी होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 March 2026 10:13 PM IST












