'हम महिलाओं को कानून बनाने में बराबर का अधिकार जरूर देंगे', भाजपा नेताओं ने दी आरक्षण विधेयक पर प्रतिक्रिया

हम महिलाओं को कानून बनाने में बराबर का अधिकार जरूर देंगे, भाजपा नेताओं ने दी आरक्षण विधेयक पर प्रतिक्रिया
केंद्र सरकार ने संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है। इस बीच चर्चा है कि सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन (डीलिमिटेशन) विधेयक को फिर संसद में ला सकती है। इसको लेकर बयानबाजियों का दौर तेज हो गया है। इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

पटना, 27 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है। इस बीच चर्चा है कि सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन (डीलिमिटेशन) विधेयक को फिर संसद में ला सकती है। इसको लेकर बयानबाजियों का दौर तेज हो गया है। इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जब भी देश में महिला आरक्षण विधेयक लाया जाएगा, उसका कोई विरोध नहीं करेगा।

वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति एवं उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को औपचारिक पत्र लिखा है, जिसमें संसद का सत्र फिर से आहूत करने का आग्रह किया गया है।

सरावगी ने कहा कि सरकार विशेष रूप से संविधान संशोधन, परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े कानूनों को पारित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने याद दिलाया कि जब विपक्ष ने सदन में महिला आरक्षण विधेयक को गिरा दिया था, तब भी प्रधानमंत्री ने कहा था कि विपक्ष के असहयोगात्मक रवैये के कारण आज हमारी महिलाओं को आरक्षण नहीं मिल रहा है, लेकिन जब भी मौका मिलेगा, हम महिलाओं को कानून बनाने में बराबर का अधिकार जरूर देंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यही प्रतिबद्धता आज भी कायम है। परिसीमन फिर से हो और महिलाओं को कानून बनाने में बराबर का अधिकार मिले, यही प्रधानमंत्री का संकल्प है। इसी कारण 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चार दिवसीय सत्र को पुनः आहूत करने का आग्रह किया गया है, क्योंकि पिछले सत्र में यह कार्य पूरा नहीं हो सका था।

सरावगी ने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों को देश से कोई मतलब नहीं है। वे महिलाओं को आरक्षण नहीं देना चाहते और महिलाओं को कानून बनाने का अधिकार भी नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा कि ‘वोट चोरी’, ‘कानून चोरी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर विपक्ष केवल भ्रम फैला रहा है, लेकिन देश की आम जनता सब कुछ देख रही है।

उन्होंने कहा कि संसद का सत्र इसलिए बुलाया जा रहा है, ताकि सभी विषयों पर खुलकर चर्चा हो। नेता प्रतिपक्ष को भी अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है और जिन सदस्यों को वे समय देंगे, उन्हें भी बोलने का अधिकार है। संसद में ही बोलना चाहिए, लेकिन विपक्ष जिस तरह अराजकता फैला रहा है, अपशब्दों और असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल कर रहा है, वह संसदीय मर्यादा को तार-तार करता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story