कांग्रेस की महिला नेताओं ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम गिरने पर जताई खुशी
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी की महिला नेताओं ने संसद में महिला आरक्षण बिल के गिरने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसे देश की एकता की बहुत बड़ी जीत करार दिया है।
महाराष्ट्र से कांग्रेस नेता संध्या सव्वालाखे ने महिला आरक्षण बिल पारित न होने पर कहा कि यह भाजपा के लिए ब्लैक डे है। यह लोकतंत्र और महिलाओं की जीत है। 2014 से केंद्र सरकार महिलाओं के मुद्दों पर जो झूठी बातें करती आ रही है, आज उसका पर्दाफाश हो गया है। यह आरक्षण बिल नहीं, बल्कि डिलिमिटेशन का बिल था।
भाजपा नेता स्मृति ईरानी के बयान पर कांग्रेस नेता ने कहा कि मुझे तो लग रहा था कि स्मृति ईरानी देश छोड़कर चली गई हैं। अब वे फिर दिखाई दे रही हैं। जब सिलेंडर के दाम 400 रुपए थे, तब स्मृति ईरानी हमें दिखती थीं, लेकिन उसके बाद से लेकर अब तक वे आगे नहीं आईं। मैं चाहती हूं कि हम उनसे बात करें और उनसे पूछें कि वह जो कह रही हैं, उसमें कितनी सच्चाई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 2023 में महिला आरक्षण बिल पारित किया था। अगर सरकार महिलाओं के समर्थन की बात करती है तो एक काम करना चाहिए था जब 2023 में यह बिल पारित किया गया, तभी इसे लागू कर देना चाहिए था।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के लोगों को पहले महिलाओं का सम्मान करना चाहिए।
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि यह इस देश की जीत है, देश की एकजुटता की, देश की एकता की, देश की अखंडता की जीत है और ये जीत इसलिए जरूरी थी क्योंकि एक दंभ और अहंकार में भरी हुई सरकार को लगा कि वो कोई भी मंसूबा लाकर इस देश का विभाजन करेगी और एक समूचे विपक्ष ने खड़े होकर उनसे कहा कि बस बहुत हुआ और ऐसा हम आपको नहीं करने देंगे। खासतौर से आधी आबादी के पीछे छिपकर हम आपको इस देश में षड्यंत्र नहीं रचने देंगे। मुझे लगता है ये संविधान की, ये संघीय ढांचे की और ये इस देश की एकता की बहुत बड़ी जीत है। भाजपा को ये समझना चाहिए कि आधी आबादी को हथियार बनाकर देश का विभाजन मत कीजिए।
कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने कहा कि भाजपा के पास कोई काम नहीं है, वह महिलाओं के खिलाफ है। 2023 में जब यह विधेयक पारित हुआ था तो हम लोगों ने उसी समय कहा था कि इसे लागू करो, लेकिन नहीं किया गया। अब महिलाओं को धोखा देने के लिए यह सब किया जा रहा था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 April 2026 11:13 PM IST












