गौतमबुद्धनगर में श्रम विभाग की सख्त कार्रवाई, 43 संविदाकारों को नोटिस, 10 के लाइसेंस निरस्त
गौतमबुद्धनगर, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। जनपद में श्रमिकों के हितों की सुरक्षा और औद्योगिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से श्रम विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रम कानूनों का उल्लंघन करने वाले संविदाकारों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई है।
अपर श्रमायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में लगातार निरीक्षण और प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को 43 संविदाकारों को श्रम कानूनों के उल्लंघन के आरोप में नोटिस जारी किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर श्रमिकों के वेतन, सुरक्षा मानकों, कार्य समय और अन्य श्रम नियमों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
उन्होंने आगे बताया कि जिन मामलों में उल्लंघन अत्यंत गंभीर पाया गया, उनमें कड़ी कार्रवाई करते हुए 10 संविदाकारों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं, इन संविदाकारों को काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने के लिए उत्तर प्रदेश के श्रमायुक्त को भी पत्र भेजा गया है, जिससे भविष्य में ये किसी भी सरकारी या निजी परियोजना में कार्य न कर सकें।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल एक दिन की नहीं है, बल्कि पिछले कुछ समय से जारी अभियान का हिस्सा है। पूर्व में जारी नोटिसों के आधार पर भी समीक्षा की गई और जिन संविदाकारों ने सुधार नहीं किया, उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए गए हैं। श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद की औद्योगिक इकाइयों में शांति व्यवस्था बनाए रखना और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि जो भी संविदाकार या प्रतिष्ठान श्रम कानूनों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अंत में अपर श्रमायुक्त ने सभी औद्योगिक इकाइयों, ठेकेदारों और संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे श्रम कानूनों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुपालन में लापरवाही बरतने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में और भी कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 April 2026 11:13 PM IST












