'आखिर कब तक इंतजार', महिला आरक्षण कानून के पास न होने से निराश खुशबू पाटनी
मुंबई, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। लंबी बहस और मतभेदों के बीच शुक्रवार को संविधान का 31वां संशोधन बिल लोकसभा में गिर गया।
यह बिल महिला आरक्षण कानून में संशोधन लाने के लिए लाया गया था, लेकिन बिल को पास करने के लिए दो-तिहाई वोट की आवश्यकता होती है। बिल को पास कराने के पक्ष में 298 वोट और विरोध में 230 वोट पड़े, जो दो तिहाई से बहुत कम है। कुल मिलाकर महिला आरक्षण कानून पास नहीं हो पाया। अब राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक हर कोई अपना पक्ष रख रहा है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन और फिटनेस कोच खुशबू पाटनी ने बिल न पास होने पर दुख जताया है। खुशबू पाटनी ने विरोध दर्ज कराया है कि कब तक सिर्फ महिलाएं ही सहती रहेंगी और अपने अधिकारों से वंचित रहेंगी। खुशबू का कहना है कि सालों से महिलाओं के हक में लाए जा रहे बिल के बारे में सुना, लेकिन इतने साल बीत गए लेकिन बिल लागू नहीं हो पाया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर सवाल किया कि कितना और इंतजार करना होगा।
उन्होंने लिखा, "कितना और इंतज़ार? कभी जनगणना ने रोका, कभी परिसीमन ने रोका, कभी किसी राजनीतिक बहस ने रोका। आज तक महिला आरक्षण बिल लागू नहीं हो सका।" उन्होंने आगे लिखा, "सबको पता है 2026 में परिसीमन फ्रीजिंग हट जाएगी, तब भी कोई समाधान नहीं। ये समस्या हमारी है या राजनीतिक पार्टियों की?? कितने साल और इंतजार करना होगा, 2035 तक। जब पैदा हुई तब सुना था, आज भी सुन ही रही हूं। ऐसा नहीं हो बुढ़ापे में भी सुनती रहूंगी।"
खुशबू पाटनी महिलाओं से जुड़े हर मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं। वे सोशल मीडिया के जरिए महिला सुरक्षा की न सिर्फ बात करती हैं, बल्कि महिलाओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग भी देती हैं। उन्होंने अपना खुद का एक सस्ता पेपर स्प्रे भी लॉन्च किया था, जो किसी भी खराब स्थिति में महिलाओं को बचाने में मदद के लिए है। वहीं दूसरी तरफ खुशबू पहली बार रियलिटी शो 'ट्राइबवर्स' में दिख रही हैं। शो जियो हॉटस्टार पर टेलीकास्ट हो चुका है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 April 2026 8:43 AM IST












