मल्लिकार्जुन खड़गे को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए दानिश अंसारी

मल्लिकार्जुन खड़गे को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए  दानिश अंसारी
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पीएम मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर यूपी की सियासत तेज हो गई है। मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का बयान बेहद आपत्तिजनक है और उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

बलिया, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पीएम मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर यूपी की सियासत तेज हो गई है। मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का बयान बेहद आपत्तिजनक है और उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

आईएएनएस से बातचीत में मंत्री अंसारी ने खड़गे के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि आप राजनीतिक हताशा में इतने डूब गए हैं कि राजनीतिक मर्यादा की सीमाएं ही भूल गए हैं। जब कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता इस तरह की बातें करते हैं, तो यह साफ हो जाता है कि पार्टी के आम कार्यकर्ताओं की सोच क्या होगी, अगर उनका शीर्ष नेतृत्व ही ऐसी भाषा बोलता है तो उनके दूसरे नेताओं से क्या उम्मीद की जाए।

उन्होंने कहा कि राजनीति में एक मर्यादा होनी चाहिए। कांग्रेस यह सब कुछ भूल चुकी है। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके मंच से पीएम मोदी के खिलाफ पहले भी विवादित टिप्पणी हो चुकी है। अब इस कड़ी में खड़गे भी शामिल हो गए हैं।

मंत्री ने सवाल पूछा कि चुनाव हारने से इतने हताश हो चुके हैं कि अब पीएम मोदी के खिलाफ विवादित टिप्पणी करेंगे? जनता सब कुछ देख रही है और देश भी भलीभांति जानता है कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा क्या है। खड़गे और कांग्रेस पार्टी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

समाजवादी पार्टी के पीडीए को लेकर मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी का 'पीडीए' असल में सिर्फ एक 'परिवार विकास प्राधिकरण' है। एक ऐसा तंत्र जो सिर्फ एक परिवार के विकास और उसी परिवार के लिए संपत्ति इकट्ठा करने का काम करता है। उनके 'पीडीए' के पीछे यही असली फॉर्मूला है। इसमें न तो पिछड़े वर्ग शामिल हैं और न ही दलित, और जहां तक मुस्लिम अल्पसंख्यकों की बात है, तो उन्हें तो कभी शामिल ही नहीं किया जाता।

मंत्री ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के मुखिया राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर किसी गरीब मुसलमान का भी चयन कर सकते थे। लेकिन, ऐसा नहीं किया गया, इससे साफ होता है कि सपा ने हमेशा समाज को गुमराह किया है। लेकिन, जनता सपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है। उनका 2027 में सूपड़ा साफ हो जाएगा। भाजपा की डबल इंजन की सरकार तीसरी बार बनने जा रही है।

उन्होंने ओवैसी के बयान पर कहा कि चुनाव नजदीक है तो मैं उनसे कहूंगा कि आप यूपी आएं और यहां के विकास को देखिए। यहां पर विकास हो रहा है। प्रदेश की जनता भाजपा पर भरोसा कर रही है और 2027 में फिर से सरकार बनाने जा रही है।

इंडिया ब्लॉक की एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर होने वाली रैली पर मंत्री अंसारी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि दीपावली नजदीक है और आम जनता को परेशान करने के लिए यह रैली आयोजित की जाएगी। कांग्रेस पार्टी को व्यापारियों के व्यापार से कुछ भी लेना-देना नहीं है। आम जनता ने विपक्ष की रैलियों से दूरी बना ली है। जनता के सामने इंडिया ब्लॉक के नेता बेनकाब हो चुके हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story